जैसलमेर में युवक को किडनैप कर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। दो गाड़ियों में आए हमलावरों ने बाइक पर बैठे युवक और उसके साथी को टक्कर मार दी। फिर दोनों को किडनैप कर कैंपर गाड़ी में किडनैप कर ले गए। एक युवक को आगे उतार दिया, जबकि दूसरे को चलती गाड़ी में लात-घूंसों और डंडों से पीटते रहे। इसके बाद सोड़ा गांव के पास युवक को फेंक गए। लोगों ने गंभीर हालत में युवक को हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाश गाड़ी से युवक को फेंकते नजर आ रहे हैं। घटना खुहड़ी थाना इलाके में मंगलवार दोपहर 3 बजे सोडा गांव के पास हाईवे की है। एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया- मृतक की पहचान म्याजलार निवासी महावीर सिंह (22) पुत्र गोरधन सिंह के रूप में हुई है। फिलहाल नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। बाइक पर घर जाते समय हुई वारदात एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया- महावीर सिंह अपने एक साथी के साथ बाइक पर से अपने गांव म्याजलार जा रहा था। इसी दौरान दो गाड़ियों में आए हमलावरों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे दोनों बाइक से नीचे गिर गए। बदमाशों ने महावीर और उसके साथी को कैंपर गाड़ी में जबरदस्ती बैठाकर ले गए। रास्ते में महावीर के साथी को उतार दिया। महावीर सिंह को चलती गाड़ी में लाठी-डंडों से पीटा। हमलावार सोडा गांव के पास सड़क किनारे महावीर को फेंककर फरार हो गए। सड़क पर तड़प रहे युवक को दुकानदार स्वरूप सिंह ने बताया कि महावीर गंभीर हालत में सड़क पर तड़पते हुए पानी मांग रहा था। हमने पुलिस को सूचना दी, लेकिन जब देर तक पुलिस नहीं आई तो घायल महावीर को निजी गाड़ी से हॉस्पिटल पहुंचाया। हालांकि हॉस्पिटल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और गांव के लोग मॉर्च्युरी पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नाकाबंदी कर अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। मृतक खेती करता था।
