जोधपुर में एक युवक की झूठी शादी करवाकर 2.70 लाख रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। शादी के बाद महिला अपने घर चली गई। फिर वापस नहीं लौटी। पति ने फेसबुक अकाउंट खंगाला तो एक युवक के साथ फोटो मिली, जिसमें महिला की मांग पहले भी भरी हुई थी। सोमवार को पुलिस ने लुटेरी दुल्हन कविता (30), उसकी बुआ रेखा (40) समेत दो दलाल नरपत सिंह और बाबूलाल को गिरफ्तार किया। मामला जोधपुर शहर के देवनगर थाने का है। देवनगर थानाधिकारी सोमकरण ने बताया- चारों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया। यहां इन चारों को दो दिन की पुलिस कस्टडी में सौंप दिया गया है। आरोप है कि दलाल नरपत सिंह, बाबूलाल और रेखा ने शादीशुदा कविता से पीड़ित की शादी करवा दी। इसके बाद वे लगातार रुपए की डिमांड करने लगे थे। जनवरी में हुई थी शादी, 2 लाख 70 हजार में मांगे थे पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया- उसके साले की शादी के लिए पड़ोसी बाबूलाल से बात की थी। बाबूलाल ने बताया था कि नरपत सिंह नाम का व्यक्ति बाहर से लड़कियां लाकर शादी करवाता है। इस पर परिवार ने नरपत सिंह से बात की तो उसने बताया कि कविता नाम की लड़की गंगानगर की रहने वाली है। लेकिन इसके लिए 2 लाख 70 हजार रुपए लगेंगे। इसके बाद कविता सोनी से मिलवाया। इस दौरान उसकी बुआ रेखा सोनी भी वहीं थी। 17 जनवरी 2026 को सगाई हुई और 21 जनवरी 2026 को दोनों ने आर्य समाज में शादी करवाई। पीड़ित परिवार का कहना है कि शादी के बाद पहले 94 हजार और फिर 92 हजार रुपए नरपत को दिए थे। सात दिन बाद घर जाने की जिद्द करने लगी थी पीड़ित परिवार ने बताया- शादी के सात दिन बाद कविता गंगानगर जाने की जिद्द करने लगी। इस पर नरपत सिंह, बाबूलाल और रेखा सोनी उसे लेने आ गए। उन्होंने कहा कि दो से तीन दिन में वे भेज देंगे। कविता तीन दिन बाद नहीं लौटी तो तीनों को कॉल किया। वो रुपए की मांग करने लगे। रुपए देने के बाद फरवरी महीने में कविता को लेने गंगानगर पहुंचा। यहां कविता ने मां की बीमारी का हवाला देते हुए साथ जाने से मना कर दिया। दोबारा लौटी तो शॉपिंग की जिद्द करने लगी, 6 दिन बाद घर से सामान लेकर हुई फरार इसके बाद फरवरी मेंरेखा, नरपत और बाबूलाल कविता को लेकर जोधपुर पहुंचे। पीड़िता परिवार ने बताया कि दोबारा जोधपुर आने के बाद उसका रवैया बदल गया था। वह शॉपिंग और महंगी चीजों की डिमांड करने लगी। इसके साथ ही मां की बीमारी के इलाज के लिए रुपए की डिमांड करने लगी। 26 फरवरी को तीनों पीड़ित के घर पहुंचे। इस दौरान केवल पीड़ित की मां घर में अकेली थी। कविता ने पहले से घर से भागने की तैयारी कर रखी थी। जैसे ही मौका मिला तीनों कविता को कार में बैठाकर फरार हो गए। घर से गहने और रुपए लेकर गई, फेसबुक पर मिली दूसरे युवक के साथ फोटो देवनगर थानाधिकारी ने बताया- पीड़ित ने आरोप लगाया है कि चारों ने पहले से घर से भागने की प्लानिंग कर रखी थी। उस दौरान उसकी मां घर में अकेली थी। इसका फायदा उठाकर उनके घर में रखे सोना, चांदी और कैश रुपए लेकर फरार हो गए। पीड़ित का कहना है- इसके बाद जब उन्हें शक होने लगा तो कविता के सोशल मीडिया अकाउंट खंगाले गए। जहां उसकी एक युवक के साथ फोटो थी और मांग भी भर रखी थी। जिसे पीड़ित ने पुलिस को भी सौंपे। थानाधिकारी ने बताया कि पीड़ित ने आरोप लगाया कि कविता को अविवाहिता बताकर उसकी शादी करवाई गई। इसके बाद ब्लैकमेल कर रुपए, गहने और हड़प लिए।
