जयपुर के जगतपुरा क्षेत्र में मंगलवार को दूसरे दिन भी जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की। यह कार्रवाई नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर बनी सड़क की चौड़ाई 80 फीट करने के लिए की जा रही है। क्षेत्र में धारा 163 लागू है। मंगलवार सुबह JDA की प्रवर्तन शाखा, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू हुई। कुल 12 निर्माण हटाए गए। टीम ने सबसे पहले सड़क सीमा में आ रहे अवैध निर्माणों को चिह्नित किया, इसके बाद उन्हें हटाना शुरू किया। इस दौरान सड़क क्षेत्र में बने एक धार्मिक स्थल की दीवार और चबूतरे को हटाया गया। अन्य स्थानों पर पूर्व में हटाए गए निर्माणों और धार्मिक स्थलों के मलबे को भी साफ कराया गया। इससे पहले सोमवार को 5 धार्मिक स्थल समेत 125 से ज्यादा अवैध निर्माण हटाए गए थे। सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम जेडीए की कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में रखा। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के जवान और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए कार्रवाई क्षेत्र में आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई। किसी को भी कार्रवाई स्थल के आसपास रुकने की अनुमति नहीं दी गई। मास्टर प्लान के तहत हुई कार्रवाई दरअसल, नंदपुरी क्षेत्र में कई निर्माण सड़क सीमा और नियोजित विकास क्षेत्र में आ रहे थे, जिससे यातायात और भविष्य की विकास योजनाओं पर असर पड़ रहा था। इसके चलते JDA ने पहले नोटिस जारी कर संबंधित पक्षों को सूचना दी थी। निर्धारित समयावधि पूरी होने के बाद अब प्राधिकरण द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। कोर्ट स्टे वाली निर्माण को नहीं हटाया गया जेडीए अधिकारियों ने बताया- सड़क सीमा में आने वाले अवैध निर्माणों को हटाकर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और मास्टर प्लान के अनुरूप विकास कार्य को गति देने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि कुछ निर्माण कर्ताओं द्वारा कोर्ट से स्टे ले लिया गया है। इसकी वजह से उनके इन्हें नहीं हटाया गया है। बता दें कि सोमवार को शुरू हुए अभियान के बाद मंगलवार को भी JDA की टीम ने अभियान जारी रखा। अधिकारियों के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर आगामी दिनों में भी कार्रवाई जारी रह सकती है। प्राधिकरण का कहना है कि शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। ये भी पढ़े… जयपुर में 19 घंटे बंद रहा इंटरनेट:5 धार्मिक स्थल समेत 125 अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर; बिजली काटी, ड्रोन कैमरों से निगरानी जयपुर के जगतपुरा में जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने सोमवार को अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर चलाया गया। यह कार्रवाई नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर बनी सड़क की चौड़ाई 80 फीट करने के लिए की गई। 5 धार्मिक स्थल समेत 125 से ज्यादा अवैध निर्माण हटाए गए। (पूरी खबर पढ़ें)
