पिछले दिनों हुए आरएलपी विवाद को लेकर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने बीजेपी के मीडिया विभाग, आईटी-सोशल मीडिया विभाग से नाराजगी जताई हैं। आज प्रदेश बीजेपी कार्यालय में मीडिया विभाग, प्रवक्ता-पैनेलिस्ट, आईटी और सोशल मीडिया की टीम को संबोधित करते हुए मदन राठौड़ ने आरएलपी विवाद का नाम लिए बगैर कहा कि पिछले दिनों हुई बयानबाजी में इतनी बड़ी टीम होने के बाद भी हम ताकत नहीं दिखा पाए। उन्होने कहा कि उस मुद्दे पर बयानबाजी चली थी। आपस में लोगों की तरफ से कमेंट किए गए। लेकिन हम दम नहीं दिखा पाए। हमारे पास 65 अनुभवी प्रवक्ताओं की टीम हैं, लेकिन हाल ही विवादों में हम मजबूती से अपनी बात नहीं रख पाए। राठौड़ ने कहा कि हर बात पर आपके अध्यक्ष को ही बोलना पड़े, यह ठीक बात नहीं हैं। बता दें कि आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल के सीएम और मंत्रिमण्डल को मूर्ख बताने वाले बयान पर अध्यक्ष ने पलटवार किया था। जिसके बाद कुचामन में आरएलपी समर्थकों ने अध्यक्ष को काले झंडे दिखाए थे। यह मामला मीडिया और सोशल मीडिया में काफी चर्चित रहा था। परिवार की बात परिवार में रहनी चाहिए
दरअसल, आज प्रदेश बीजेपी के नव नियुक्त संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने बीजेपी के मीडिया विभाग, प्रवक्ता-पैनेलिस्ट, आईटी और सोशल मीडिया टीम की बैठक ली थी। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होने कहा कि अगर किसी कार्यकर्ता को कोई शिकायत है तो वह उचित मंच पर उसे कहें, बाहर कहने से कोई फायदा नहीं है। परिवार की बात परिवार में ही रहनी चाहिए। उन्होने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का एक ही ध्येय होना चाहिए कि मेरी सरकार, सबसे अच्छी सरकार, इस भावना को ध्यान में रखते हुए चौपाल, सोशल मीडिया पर सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें। सोशल मीडिया टीम को धार देने की जरूरत
प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने संगठन और सरकार के बीच संवाद को मजबूत बनाने के साथ-साथ सोशल मीडिया, आईटी और प्रवक्ता तंत्र को अधिक आक्रामक और प्रभावी बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर सोशल मीडिया का है और भाजपा को इस क्षेत्र में और अधिक धार देने की आवश्यकता है। विपक्ष के कंटेंट और आरोपों का मजबूती से जवाब दिया जाए तथा केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों पर योजनाबद्ध तरीके से लेख, सामग्री और प्रचार अभियान तैयार कर आमजन तक पहुंचाया जाए।
