बांसवाड़ा में रविवार को एसपी सुधीर जोशी के निर्देशन में चलाए गए ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र-2’ के तहत पुलिस की 55 विशेष टीमों ने जिले के 353 चिन्हित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। इस एक दिवसीय ‘एरिया डॉमिनेशन’ अभियान में कुल 130 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उदयपुर रेंज आईजी गौरव श्रीवास्तव के निर्देशों पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया। इस पूरी कार्रवाई की कमान एसपी सुधीर जोशी, एएसपी नरपत सिंह और जिले के सभी वृत्ताधिकारियों (डीएसपी) के सुपरविजन में थानाधिकारियों ने संभाली। पुलिस की इस चौतरफा कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया। 39 मामले दर्ज किए गए
‘ऑपरेशन त्रिनेत्र-2’ के तहत आबकारी अधिनियम के अंतर्गत 39 मामले दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 351 लीटर अवैध हथकड़ शराब बरामद की गई। पुलिस टीमों ने अवैध शराब बनाने वाली 42 भट्टियों को नष्ट किया और करीब 6690 लीटर अवैध लीटर अवैध देसी हथकड़ महुआ वॉश को मौके पर ही बहाकर नष्ट कर दिया। जबकि सदर थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत 1 मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1 तलवार जब्त की गई है। इसके अलावा 335 बीएनएसएस (BNSS) के तहत 9 आरोपियों को पकड़ा। चेक बाउंस मामले में 138 एनआई एक्ट के तहत 8 वांछित आरोपियों को पकड़ा गया। वहीं लंबे समय से फरार चल रहे 14 वांछित आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। जबकि कई आपराधिक मामलों में वांटेड 10 अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी हुई। 44 हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने 85 लोगों को गिरफ्तार किया। जिले के 44 हिस्ट्रीशीटरों की औचक चेकिंग की गई, जिससे उनकी मौजूदा गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। लूट, डकैती, नकबजनी और चोरी जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों में लिप्त या पूर्व में चालानशुदा रहे 55 अपराधियों को हिरासत में लेकर पुलिस ने कड़ी पूछताछ की है, जिससे कई पुराने मामलों के खुलने की संभावना है। एसपी बोले- आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी
एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के लिए यह एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया गया था। 257 पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी के कारण इतनी बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां संभव हो सकी हैं। अवैध धंधों और अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
