बहन और भांजी के साथ बाइक पर जा रहे RAC के कॉन्स्टेबल को रेत से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में काॅन्स्टेबल की मौत हो गई। हादसा दौसा जिले के मंडावर थाना क्षेत्र का रविवार शाम करीब 5 बजे का है। रसीदपुर चौकी प्रभारी जगदीश प्रसाद ने बताया- शाम 5:15 बजे सूचना मिली कि केसरी के वास गांव के पास ट्रैक्टर ट्रॉली ने बुलेट बाइक को टक्कर मार दी है। बाइक पर एक महिला, एक युवक (कॉन्स्टेबल) और एक बच्ची सवार थे। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची। घायलों को महवा के जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। महिला और बच्ची को गंभीर हालत में जयपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने बताया- ड्राइवर ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गया। वह ट्रॉली में मिट्टी (रेत) भरकर पास ही स्थित एक ईंट भट्ठे पर लेकर जा रहा था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। 2 दिन पहले ही छुट्टी पर गांव आए थे पुलिस ने बताया- लाडनपुर निवासी कल्ला गुर्जर (30) की मौत हुई है। कल्ला गुर्जर आरएसी की सेकेंड बटालियन कोटा में कॉन्स्टेबल के पद तैनात थे। वह दो दिन पहले ही छुट्टी पर गांव आए थे। रविवार शाम 5 बजे कल्ला बहन रविता गुर्जर और एक साल की भांजी के साथ महवा स्थित मकान से पैतृक गांव लाडनपुर जा रहा था। महवा से 12 किलोमीटर आगे केसरी गांव के पास रेत से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। रविता और उसकी बेटी उछलकर दूर गिरीं। जबकि कल्ला ट्रैक्टर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान ट्रैक्टर बेकाबू होकर खेत में उतर गया। शव को महवा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। 2015 में हुआ था भर्ती लाडनपुर गांव निवासी विजय सिंह बैंसला ने बताया- कल्ला परिवार में अकेला कमाने वाला था। उसकी तीन बेटियां हैं। उसका छोटा भाई कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रहा है। कल्ला 2015 में आरएसी में भर्ती हुआ था। …. यह खबर भी पढ़ें… जयपुर में कार ने कॉन्स्टेबल को रौंदा, मौत:पहले टक्कर मारी, फिर सड़क पर गिरे पुलिसकर्मी पर गाड़ी चढ़ाई जयपुर में ओवर स्पीड कार ने पुलिस कॉन्स्टेबल को रौंद दिया। हादसे में पुलिसकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मृतक उदयपुर में गोगुंदा के उपखंड अधिकारी के पीएसओ थे। वह तीन दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आए थे। (पढ़ें पूरी खबर)
