भरतपुर के रीको इंडस्ट्रीयल एरिया में करीब साढ़े 5 करोड़ रुपए की लागत से बनी सड़क हाथों से उखड़ गई। सड़क निर्माण और इंटरलॉकिंग का काम एक महीने पहले ही पूरा हुआ था। लेकिन एक महीने बाद ही सड़क पर लगी डामर की लेयर पकड़ने पर उखड़ गई और उसके नीचे बिछी मिट्टी साफ दिखाई देने लगी। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क को हाथों से उखड़ते हुए देखा जा सकता है। हालांकि रीको के अफसरों का दावा है कि सड़क की गुणवक्ता अच्छी है। वह हाथों से नहीं उखड़ सकती। वहीं वीडियो सामने आने के बाद ठेकेदार ने उखाड़ी गई सड़क की मरम्मत भी करवा दी। पहले देखिए- 5 करोड़ की सड़क की तस्वीरें साढ़े 5 करोड़ की लागत से हुआ था निर्माण
जानकारी के अनुसार, रीको इंडस्ट्रीयल एरिया में सड़क का निर्माण हुए करीब एक महीना हो चुका है, यह करीब 2 किलोमीटर लंबी है। सड़क पर इंटरलॉकिंग का काम भी पूरा कर लिया गया है और किनारों पर टाइल्स भी लगाई गई है, जिससे इसे मजबूती दी जा सके। हालांकि घटिया निर्माण कार्य की परत महज एक महीने में उधड़ने लगी। रीको के अफसरों के अनुसार, सड़क और इंटरलॉकिंग का 5 करोड़ 60 लाख रुपए का टेंडर था, जिसके लिए ठेकेदार बीके सिंह को कॉन्ट्रैक्ट दिया गया था। सड़क में घटिया निर्माण सामग्री, इसलिए बनाया वीडियो
वीडियो बनाने वाले गोविंद का कहना है कि सड़क निर्माण में नियमों की अनदेखी की गई है। घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया गया है। इसी कारण सड़क हाथ लगाने पर ही उखड़ रही है। हालांकि कुछ जगहों पर सड़क को मजबूती दी गई है, लेकिन ऐसा सब जगह नहीं है। इससे रोज सैकड़ों गाड़ियां गुजरने लगी है। अब यह कुछ दिनों में मरम्मत मांगने लगेगी। मैंने सिर्फ क्वालिटी को दिखाने के लिए वीडियो बनाया था, जिससे सिस्टम की खामियों को बताया जा सके। यह सड़क कम से महीनाभर और चल सकती है, इसके बाद पूरी खराब हो जाएगी। बारिश में लोगों को फिर परेशानी का सामना करना पड़ेगा। अफसर बोले- हाथों से नहीं उखड़ सकती
रीको के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक नरेश कुमार वर्मा का दावा है कि करीब 5 करोड़ 60 लाख की लागत से सड़क का निर्माण हुआ है। सड़क की गुणवक्ता अच्छी है, वह हाथों से नहीं उखड़ सकती। मैंने खुद उसे चेक किया है। इसे देखने के बाद ऐसा कुछ नहीं लग रहा है। इस पर गाड़ियों की आवाजाही भी हो रही है। हालांकि कुछ जगहों पर अगर शिकायत आई है तो उसे चेक करवा लेंगे।
