बांसवाड़ा में दानपुर थाना क्षेत्र के घोड़ी तेजपुर गांव में शनिवार दोपहर में हादसा हो गया। अचानक ट्रैक्टर पलटने से दो युवक गंभीर घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक ट्रैक्टर के भारी मलबे के नीचे ही दब गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। जिसे सुनकर आस-पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़े और भारी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला। एक युवक उदयपुर रेफर ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों लहूलुहान युवकों को तुरंत स्थानीय घोड़ी तेजपुर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल महात्मा गांधी (एमजी) जिला अस्पताल, बांसवाड़ा के लिए रेफर कर दिया। जानकारी के मुताबिक हादसे में घायल महिपाल पुत्र मांगीलाल, निवासी घोड़ी तेजपुर को एमजी अस्पताल के सामान्य वार्ड में भर्ती कर उसका उपचार शुरू कर दिया गया है। वहीं, दुर्घटना में गंभीर रूप से चोटिल हुए दूसरे युवक नाकुराम पुत्र लक्ष्मण, निवासी घोड़ी तेजपुर की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया है। खेत पर काम करने जा रहे थे पीड़ितों के परिजनों ने बताया- महिपाल और नाकुराम दोनों दोपहर के समय ट्रैक्टर लेकर अपने खेतों पर काम के सिलसिले में जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। अचानक हुए इस हादसे में दोनों युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे नीचे दब गए।
