चित्तौड़गढ़ जिले में पेट्रोलियम पदार्थ के अवैध भंडारण और कारोबार के खिलाफ रसद विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। कोटा-उदयपुर हाईवे पर भंडारिया क्षेत्र में स्थित एक होटल के पीछे बने बाड़े में बड़ी मात्रा में पेट्रोलियम पदार्थ रखे होने की सूचना मिलने पर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। कार्रवाई के दौरान दो टैंकर, ड्रम और जरीकेनों में पेट्रोलियम पदार्थ भरा हुआ मिला। अधिकारियों ने मौके से कुल 59,020 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ जब्त किया है। मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। रंगोली होटल के पीछे मिला पूरा सेटअप जानकारी के अनुसार डिप्टी बृजेश और सदर थाना प्रभारी प्रेम सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोटा-उदयपुर हाईवे स्थित रंगोली होटल के पीछे बने बाड़े में पेट्रोलियम पदार्थ का अवैध रूप से भंडारण और कारोबार किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में मामला सही प्रतीत होने पर रसद विभाग को भी सूचना दी गई। इसके बाद जिला रसद अधिकारी और प्रवर्तन अधिकारी मौके पर पहुंचे और संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू की गई। दो टैंकरों में भरा मिला हजारों लीटर पेट्रोलियम पदार्थ जांच के दौरान मौके पर भारत पेट्रोलियम (BPCL) के दो टैंकर खड़े मिले। दोनों टैंकरों में पेट्रोलियम पदार्थ भरा हुआ था। अधिकारियों ने जब आसपास की जांच की तो वहां कई जरीकेन भी भरे हुए पाए गए। इसके अलावा 200 लीटर क्षमता वाले छह बड़े प्लास्टिक ड्रम भी मिले, जिनमें पेट्रोलियम पदार्थ रखा हुआ था। अधिकारियों ने सभी टैंकरों, ड्रमों और जरीकेनों की जांच की। जांच में सामने आया कि मौके पर कुल 59,020 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ मौजूद था। इतनी बड़ी मात्रा में ईंधन मिलने के बाद अधिकारियों ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया। टैंकर चालक पहुंचे मौके पर, बताई पूरी जानकारी कार्रवाई के दौरान दोनों टैंकरों के चालक भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अपने नाम रतन सिंह और भगवान सिंह बताए तथा स्वयं को उदयपुर जिले के भिंडर क्षेत्र का निवासी बताया। चालकों ने अधिकारियों को बताया कि उन्होंने टैंकर रंगोली होटल और उसके पीछे बने बाड़े में खड़े किए थे। उन्होंने बाड़े और होटल के मालिक का नाम मिठ्ठूलाल गाडरी बताया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों टैंकर मुंबई स्थित रिफाइनरी से निकले थे और उनका गंतव्य हरियाणा के पानीपत क्षेत्र में था। हालांकि टैंकर हाईवे किनारे इस स्थान पर क्यों खड़े किए गए और यहां पेट्रोलियम पदार्थ को ड्रम और जरीकेनों में क्यों भरा जा रहा था, इसकी जांच अब की जा रही है। मामला दर्ज, जांच में जुटे अधिकारी जिला रसद अधिकारी ने कार्रवाई के दौरान दोनों टैंकर, उनमें भरा पेट्रोलियम पदार्थ, ड्रम और जरीकेनों को जब्त कर लिया। वहीं प्रवर्तन अधिकारी ने पूरे मामले को लेकर सदर थाना में एफआईआर दर्ज करवाई है। पुलिस और रसद विभाग अब यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि पेट्रोलियम पदार्थ का उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था और क्या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा था।