कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो गई हैं। इसके चलते मौसम में अचानक बदलाव आया है, जिससे भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिली है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ठंडी हवाओं के साथ कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे आने वाले दिनों में भी लोगों को चिलचिलाती धूप से राहत मिलती रहेगी। प्री-मानसून की ये बारिश किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। ये कृषि लागत को कम करने में सहायक है और खरीफ फसलों की बुवाई के लिए सही समय निर्धारित करती है। ये बारिश बुवाई से लेकर फसलों के शुरुआती विकास तक महत्वपूर्ण नमी प्रदान करती है, जो अच्छी पैदावार के लिए आवश्यक है।
