अलवर में पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने धर्मांतरण के आरोप में गिरफ्तार पादरी को धमकाया। दावा है कि पूर्व विधायक ने पादरी को थप्पड़ भी मार दिया। इस दौरान पुलिस भी मौजूद थी। पूर्व विधायक ने कहा- पादरी होकर लोगों को ईसाई बना रहे हो। रिमांड पर लो इसे। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पूर्व विधायक पादरी के पास आते हैं और फिर उसे धमकाते हुए दिख रहे हैं। प्रत्यक्षदशियों ने बताया- पुलिस शुक्रवार को पादरी राजकुमार को कोर्ट में पेश करने लाई थी। उसे बाहर एक बेंच पर बैठाया था। इसी दौरान पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा वहां आए और पादरी के थप्पड़ जड़ दिया। एकाएक हुई घटना से एक बार हंगामे के हालत बन गए। पुलिस ने स्थिति को संभाला और पादरी को वहां से हटाया। कोर्ट ने आरोपी पादरी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। भास्कर से बातचीत में पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। अखेपुरा थाना प्रभारी महेश तिवाड़ी ने कहा- पूर्व विधायक ने आरोपी को थप्पड़ मारने का प्रयास किया था। इस घटना को लेकर कोर्ट परिसर में काफी देर तक चर्चा होती रही। भीड़ ने पादरी को पीटा था धर्म परिवर्तन के आरोप में गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने पादरी को पकड़ा था। आरोपी पादरी अखेपुरा थाना क्षेत्र की तंवर कॉलोनी के घर में ईसा मसीह की प्रार्थना करवा रहा था। विहिप कार्यकर्ताओं ने जब पादरी को घर से बाहर निकाला, तो भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी और उसके कपड़े भी फाड़ दिए थे। मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया था, इसमें एक महिला पादरी को लात मारती हुई दिखाई दे रही थी। वहीं, पादरी की पिटाई होते देख घर के अंदर मौजूद 15 लोग फरार हो गए थे । अब तक 15 लोगों का धर्म परिवर्तन करवाया पूछताछ में पादरी राजकुमार ने बताया था- मैं दिल्ली का रहने वाला हूं। पिछले चार-पांच सालों से अलवर आता-जाता रहा हूं। लोगों को ईसा मसीह से संबंधित धार्मिक पाठ और प्रार्थना करवाता हूं। दिल्ली में मेरी कपड़ों की दुकान है। विहिप कार्यकर्ताओं के पूछने पर पादरी ने कहा था- मैं अब तक यहां करीब 15 लोगों का धर्म परिवर्तन करवा चुका हूं। —- पादरी से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… भीड़ ने पादरी को पीटा, कपड़े फाड़े:बोला-15 लोगों का धर्मांतरण करवा चुका हूं, घर में प्रार्थना करवाते विहिप ने पकड़ा अलवर में धर्मपरिवर्तन के आरोप में भीड़ ने पादरी को पीट दिया। एक मकान में ईसा मसीह की प्रार्थना चल रही थी। सूचना पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ता पहुंचे और पादरी को घर से बाहर निकाला। पढ़ें पूरी खबर