खैरथल-तिजारा जिले की मुण्डावर थाना पुलिस ने बाबा मथुरादास महाराज आश्रम रडवा में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त की है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित था। आश्रम से चोरी हुआ था सामान एडिशनल एसपी जयासिंह ने बताया- 8 मई 2026 की रात अज्ञात चोरों ने आश्रम से लगभग 40 कट्टे गेहूं, एक गैस सिलेंडर, चीनी और शक्कर के कट्टे, 10 किलो देसी घी, दानपात्र और तेल के पीपे सहित अन्य सामान चुरा लिया था। इस संबंध में मुण्डावर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। कई शहरों में आरोपियों ने काटी फरारी जांच के दौरान, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सहायता का उपयोग करते हुए आरोपियों की पहचान की। संदिग्ध मोबाइल लोकेशन के आधार पर हरिद्वार, गुरुग्राम, नोएडा, दिल्ली, रेवाड़ी और बावल सहित विभिन्न क्षेत्रों में तलाश की गई। इसके बाद पुलिस ने गांव सिहाली खुर्द निवासी आशु उर्फ तांत्रिक उर्फ बच्चा (23) और पन्नालाल (27) को गिरफ्तार किया। चोरी का सामान किया बरामद पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से चोरी किया गया गैस सिलेंडर, गेहूं के कट्टे और अन्य सामान बरामद किया है। घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस का मानना है कि इन आरोपियों से क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। मामले में आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी मोहरसिंह मीणा, एसआई रविन्द्र, देवपाल सिंह, साइबर सेल के कॉन्स्टेबल सुनील कुमार, सतपाल, फुलसिंह और विक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष रूप से साइबर सेल के कांस्टेबल सुनील कुमार की तकनीकी सहायता की सराहना की गई है।
