नीव फाउंडेशन ने गर्मी से प्रभावित लोगों, बाहरी श्रमिकों, लावारिस पशुओं और पक्षियों के लिए बड़े स्तर पर समर रिलीफ अभियान इस गर्मी, फर्क नजर आएगा शुरू किया है। यह अभियान राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र सहित छह राज्यों में चलाया जा रहा है। नीव फाउंडेशन इस अभियान के तहत 60 राहत वैन तैनात कर रहा है, जो भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों और खुले में लंबे समय तक काम करने वाले लोगों तक साफ और ठंडा पीने का पानी पहुंचाएंगी। इनमें ट्रैफिक पुलिसकर्मी, डिलीवरी एग्जीक्यूटिव, निर्माण श्रमिक, रेहड़ी-पटरी विक्रेता और ऑटो रिक्शा चालक शामिल हैं। पानी के साथ-साथ इन वैन के जरिए ORS के पाउच और सुरक्षा कैप भी वितरित किए जाएंगे, ताकि लोगों को लू और अत्यधिक गर्मी से राहत मिल सके। वंडर सीमेंट के डायरेक्टर और नीव फाउंडेशन के संस्थापक विवेक पाटनी ने बताया कि फाउंडेशन ने यह भी माना है कि यह संकट केवल इंसानों तक सीमित नहीं है। इसी को ध्यान में रखते हुए कई स्थानों पर लावारिस पशुओं के लिए पानी की टंकियां लगाई गई हैं, जबकि पक्षियों के लिए दाना और पानी की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के जरिए हमारा उद्देश्य उन लोगों तक तुरंत और आसान राहत पहुंचाना है। यह अभियान लोगों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से भी चलाया जा रहा है।
