जोधपुर के जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय (JNVU) में सिंडिकेट की बैठक से पहले ABVP कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को केंद्रीय कार्यालय पर हंगामा किया। प्रदर्शन के दौरान ABVP कार्यकर्ता कुलपति कार्यालय में घुस गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस कर्मियों के बीच धक्कामुक्की भी हुई। कार्यकर्ताओं ने कुलपति को 21 सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर विश्वविद्यालय प्रशासन की नीतियों के प्रति विरोध जताया। इस दौरान जेएनवीयू कुलपति पवन कुमार शर्मा ने स्टूडेंट्स से तारीख का जिक्र किया तो स्टूडेंट्स बोल उठे कि ‘सर…तारीख पर तारीख मत दीजिए…’। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सचिवालय को नए परिसर में स्थानांतरित करने की योजना रद्द की जाए, इसे शहर के बीच स्थित मुख्य कार्यालय में ही रखा जाए, ताकि लोगों को असुविधा न हो। उन्होंने पुराने परिसर में डिस्पेंसरी को बंद न करने और वहां एक डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की भी मांग की। करीब 2 घंटे प्रदर्शन के बाद आश्वासन मिलने पर स्टूडेंट्स ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। अब देखिए, प्रदर्शन से जुड़ी PHOTOS… कुलपति बोले- सरकारी सिस्टम में कई काम ऐसे होते हैं इस दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं की जेएनवीयू कुलपति पवन कुमार शर्मा के साथ अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान किसी मुद्दे पर कुलपति शर्मा ने तारीख का जिक्र किया तो स्टूडेंट्स बोल उठे कि ‘सर…तारीख पर तारीख मत दीजिए…’ इस पर मुस्कुराते हुए कुलपति शर्मा ने बताया- सरकारी सिस्टम में कई काम ऐसे होते हैं। इनमें समय लगता है, लेकिन छात्र हितों के लिए उनके प्रयास जारी रहेंगे। स्टूडेंट्स ने कहा- आश्वासन के बाद धरना किया खत्म वहीं एबीवीपी के विभाग संयोजक ललित दाधीच ने बताया- छात्र हित से जुड़े सभी मामले कुलगुरु के समक्ष रखे गए हैं। उन्होंने भरोसा दिया है कि विभिन्न विभागों के साथ तालमेल करके समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। इसके लिए एक-दो दिन में बैठक भी रखने और उसमें एबीवीपी के प्रतिनिधियों को भी शामिल करने का आश्वासन दिया है। इसके बाद हमने धरना प्रदर्शन खत्म कर दिया है।
