कोटा में शादी से आठ दिन पहले एक युवक की हत्या कर दी गई। वह ससुराल से अपनी अंगूठी का नाप देकर साले के साथ घर लौट रहा था। रास्ते में तीन बदमाशों ने लाठी, डंडों और पाइप से उस पर हमला कर दिया, जिससे युवक के हाथ-पैर टूट गए। साला भी मौके से भाग गया। बुधवार देर रात इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। इटावा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। परिजनों ने युवक की मंगेतर और साले पर हत्या के षड्यंत्र में शामिल होने का शक जताया है।
पिता बोले- कार्ड छपकर बंट चुके थे दौलतपुरा के रहने वाले पिता प्रभुलाल ने बताया- मेरा बेटा धर्मेंद्र सेन (26) की दुकान पर काम करता था। वह पिछले एक साल से सीसवाली में दुकान पर जा रहा था। 2 साल पहले बेटे का रिश्ता मुंगेना गांव में तय हुआ था। आठ दिन बाद (1 मई को) उसकी शादी होनी थी। कार्ड छपकर बंट चुके थे, 27 अप्रैल को लगन आना था। बुधवार को ससुराल वालों ने उसे अंगूठी के नाप के लिए इटावा बुलाया था।
रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने रोका प्रभुलाल ने आगे बताया- धर्मेंद्र दोपहर 2 बजे के करीब बस में बैठकर इटावा पहुंचा। ससुराल वालों के साथ जाकर उसने अंगूठी का नाप दिया। फिर वह अपने साले के साथ झरेर के बालाजी दर्शन करने गया। वहां से दोनों गोणदी महादेव के दर्शन कर लौट रहे थे। शाम साढ़े 7 बजे के करीब रास्ते में बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोका। लाठी, डंडे से धर्मेंद्र पर हमला किया प्रभुलाल ने बताया- युवकों ने धर्मेंद्र को पकड़ लिया, जबकि उसका साला हेमंत वहां से भाग गया। युवकों ने धर्मेंद्र पर लाठी, डंडे और पाइप से ताबड़तोड़ हमला किया। इसके बाद लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए। रात 8 बजे समधी जोधराज ने फोन करके धर्मेंद्र के बारे में बताया। मैं तुरंत इटावा पहुंचे और वहां से उसे इलाज के लिए कोटा ले जाया गया। धर्मेंद्र का किसी से कोई लड़ाई-झगड़ा या रंजिश नहीं थी। वह सीधा-सादा था। आरोपियों की तलाश में जुटी टीमें इटावा थाना के SI उम्मेद सिंह ने बताया- धर्मेंद्र अपने साले के साथ बालाजी के दर्शन के बाद गोणदी महादेव गया था। वहां से जल लेकर लौटते समय रास्ते में मुकुट गुर्जर और उसके साथियों ने उसे रोककर लाठी, डंडों और पाइप से मारपीट की। इलाज के दौरान कोटा हॉस्पिटल में धर्मेंद्र की मौत हो गई। अभी तक सामने आए तथ्यों के मुताबिक, षडयंत्र के तहत धर्मेंद्र को गोणदी ले जाया गया था। आरोपियों की तलाश में टीमें लगी हुई हैं। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।