बूंदी में कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर रविवार रात एक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना लाखेरी थाना क्षेत्र के इंदरगढ़ रोड पर हुई, जब दोनों युवक एक शादी समारोह से लौट रहे थे। लाखेरी थाने के सहायक उपनिरीक्षक गिर्राज गुर्जर ने बताया कि मृतकों की पहचान इंद्रगढ़ थाना क्षेत्र के शिवगंज निवासी बोलता राम गुर्जर और लक्ष्मीपुरा निवासी हनुमान मीणा के रूप में हुई है। दोनों लाखेरी में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। इंदरगढ़ रोड पर पहुंचते ही पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही लाखेरी थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर से परिजनों में शोक छा गया। सहायक उपनिरीक्षक गिर्राज गुर्जर के अनुसार, दोनों शवों का पोस्टमार्टम लाखेरी अस्पताल की मोर्चरी में कराया गया और फिर परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक हनुमान मीणा के भाई हरिओम की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार ड्राइवर की तलाश कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। स्थानीय निवासियों ने कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है और प्रशासन से उचित उपाय करने की मांग की है।