त्योहारों के दौरान यूपी और बंगाल के रूट पर जाने वाले पैसेंजर्स की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने जयपुर से हावड़ा के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। हावड़ा-खातीपुरा-हावड़ा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के दोनों ओर से 8-8 ट्रिप चलेंगे। उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया- ट्रेन नंबर 03007 हावड़ा-खातीपुरा स्पेशल 11 अक्टूबर से 29 नवंबर तक हर रविवार हावड़ा से रात 11:55 बजे रवाना होगी। वहीं मंगलवार सुबह 11:30 बजे खातीपुरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 03008 खातीपुरा-हावड़ा स्पेशल 13 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक हर मंगलवार शाम 6:30 बजे खातीपुरा से रवाना होकर गुरुवार सुबह 5:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी। इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन ट्रेन बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर, न्यू गिरिडीह, जमुआ, कोडरमा, गया, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑनसोन, सासाराम, भभुआ रोड, पं. दीनदयाल उपाध्याय, सुबेदारगंज, गोविन्दपुरी, इटावा, फतेहाबाद, आगरा कैंट, भरतपुर, बांदीकुई और दौसा स्टेशन पर रुकेगी। इस स्पेशल ट्रेन में कुल 22 डिब्बे होंगे। इनमें 4 थर्ड एसी, 10 स्लीपर, 6 जनरल श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं।
