रोपड़ जिले में बेला चौक स्थित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (कन्या) की एक अध्यापिका से दिनदहाड़े पर्स छीनने की घटना सामने आई है। बता दे कि यह वारदात उस समय हुई जब अध्यापिका स्कूल की छुट्टी के बाद अपने घर जा रही थीं। अध्यापिका मीना कुमारी ने बताया कि वह रोजाना की तरह स्कूल से छुट्टी के बाद घर के लिए निकली थीं। घर की ओर जाते समय, पीछे से स्कूटी पर सवार दो युवक आए और अचानक उनका पर्स झपटकर फरार हो गए। आरोपी पर्स छीनकर हुए फरार मीना कुमारी के अनुसार, घटना इतनी तेजी से हुई कि वह कुछ समझ नहीं पाईं और शोर मचाने से पहले ही आरोपी भाग निकले। पर्स में कुछ नकदी के अलावा पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज भी थे। सूचना मिलने के बाद सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर लिया। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद पीड़िता ने आसपास के लोगों को जानकारी दी। लोगों ने की गश्त बढ़ाने की मांग स्थानीय लोगों का कहना है कि बेला चौक क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की है।
