कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा बस स्टैंड के पास रविवार देर शाम एक व्यक्ति का शव मिला। शव के पास ही जहर की शीशी पड़ी मिली। सूचना मिलने पर थाना सिटी पिहोवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान की कोशिश की। मृतक की जेब से मिले मोबाइल फोन के जरिए उसकी पहचान हुई। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान पंजाब के लुधियाना जिले के समराला निवासी विक्की (40) के रूप में हुई। शुरुआती जांच में जहर निगलने की बात सामने आई है। विक्की समराला में फ्रूट का काम करता था। हालांकि, उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। बेटे के साथ ससुराल आया था विक्की पिहोवा के गांधी नगर में विक्की की ससुराल है। आज रविवार को वह अपने 10 साल के बेटे के साथ अपनी ससुराल गांधी नगर आया था। दोपहर बाद विक्की ससुराल से स्टैंड की तरफ आ गया था। लेकिन बाद में बस स्टैंड के पास उसका शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को शव के पास जहर की शीशी मिली, जिससे शुरुआती जांच में सुसाइड की आशंका जताई जा रही है। मोबाइल से हुई पहचान, परिजनों को दी सूचना शव मिलने के बाद पुलिस ने मृतक की पहचान करने के लिए जांच शुरू की। उसकी जेब से मिले मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान विक्की के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसके परिवार को सूचना देकर पिहोवा बुलाया। फिलहाल पुलिस परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है। इन बयानों से घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की जानकारी जुटाई जाएगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह थाना सिटी पिहोवा के SHO सुनील वत्स ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर LNJP अस्पताल कुरुक्षेत्र भेज दिया है। मृतक के परिवार को सूचना दे दी गई है। शव के पास जहर की शीशी मिली है और शुरुआती जांच में जहर निगलने की बात सामने आई है। मौत की सही वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। परिवार के बयान दर्ज करने के बाद उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।