झालावाड़ पुलिस ने राजस्थान पुलिस का 77वां स्थापना दिवस पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में उत्साहपूर्वक मनाया। इस अवसर पर एक जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सराहनीय कार्य करने वाले 57 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। साथ ही, पुलिसकर्मियों के 14 बच्चों को भी उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रशंसा पत्र दिए गए। एडिशनल एसपी भागचंद मीणा ने बताया कि पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में सेरेमोनियल परेड का आयोजन किया गया। पुलिस विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 57 कार्मिकों को सर्वोत्तम सेवा चिन्ह, अतिउत्तम सेवा चिन्ह और उत्तम सेवा चिन्ह से अलंकृत किया गया। इसके अतिरिक्त पुलिसकर्मियों के 14 बच्चों को 10वीं और 12वीं कक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने पर प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। स्थापना दिवस के एक दिन पूर्व, 15 अप्रैल को विभिन्न गतिविधियों का आयोजन भी किया गया था। इन गतिविधियों में पुलिस परेड ग्राउंड परिसर में पुलिस कर्मचारियों की 10 टीमों के बीच वॉलीबॉल का मैत्री मैच शामिल था, जिसमें पीटीएस झालावाड़ की टीम विजेता रही। जिला पुलिस और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस से संबंधित प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। शाम को निर्भय सिंह सर्किल पर पुलिस बैंड वादन का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर एडिशनल एसपी भागचंद मीणा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने राजस्थान पुलिस के इतिहास और शौर्य गाथाओं का गुणगान करते हुए बताया कि पुलिस दिवस आयोजित करने का उद्देश्य साहसिक एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने के साथ-साथ आत्ममंथन करते हुए सामयिक आवश्यकताओं के अनुरूप उन्हें साहसिक एवं अच्छे कार्य करने के लिए प्रेरित करना भी है। मीणा ने सभी से यह संकल्प लेने का आह्वान किया कि उनका व्यवहार शालीन और निष्पक्ष हो, स्वभाव कर्तव्यपरायण हो और निष्ठा अनुकरणीय हो। उन्होंने कहा कि पुलिस को आम नागरिकों में विश्वास पैदा करना चाहिए और असामाजिक तत्वों व अपराधियों में कानून का भय स्थापित करना चाहिए, तभी राजस्थान पुलिस के ध्येय वाक्य ‘आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय’ की पूर्ति हो सकेगी। पौधारोपण और रक्तदान का आयोजन
पुलिस लाइन ग्राउण्ड में पौधारोपण कर पौधों की समय समय पर देखभाल करने के लिए मौजूद अधिकारियों को संकल्प दिलाया। सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी गई। पुलिस लाइन में जिला पुलिस व पीटीएस झालावाड अधिकारियों, कर्मचारियों ने स्वैच्छा से करीब 120 यूनिट रक्तदान किया अन्य कार्मिकों को भविष्य में रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। यह भी रहे आयोजन में मौजूद
इस कार्यक्रम में एडिसशनल एसपी शोराजमल मीणा, झालावाड़ डिप्टी हर्षराज सिंह खरेडा,खानपुर डिप्टी गरीमा जिन्दल, गंगधार डिप्टी हेमन्त गौतम, पिड़ावा डिप्टी पूजा नागर, सायबर क्राइम डिप्टी मनोज सोनी, पुलिस एससी/एसटी सैल डिप्टी कैलाशचन्द मीणा, डिप्टी बाबूलाल मीणा और कोतवाली झालावाड़, झालरापाटन, मण्डावर संचित निरीक्षक पुलिस लाइन, कार्यालय, पुलिस लाइन, यातायात के अन्य पुलिस कार्मिक उपस्थित रहे।
