शिरोमणि अकाली दल की ओर से साल 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए राज्यभर में विधानसभा स्तर की पंजाब बचाओ रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी के तहत 22 मार्च 2026 दिन रविवार को फरीदकोट जिले के कोटकपूरा शहर स्थित नई अनाज मंडी में एक विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी। यह रैली पार्टी की कोर कमेटी के सदस्य व पूर्व विधायक मनतार सिंह बराड़ के नेतृत्व में आयोजित होगी। रैली में पार्टी अध्यक्ष व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करेंगे। पूर्व विधायक ने लिया रैली स्थल का जायजा शनिवार शाम पार्टी की कोर कमेटी के सदस्य व पूर्व विधायक मनतार सिंह बराड़ ने रैली स्थल पर पहुंच कर तैयारियों का जायजा लिया और पार्टी पदाधिकारियों व वर्करों के साथ बैठक में भाग लिया। इस मौके पर मनतार सिंह बराड़ ने कहा कि अकाली दल पंजाब की एकमात्र क्षेत्रीय पार्टी है और पंजाब के हितों को सुरक्षित करने के लिए उसे मजबूत बनाना अतीत जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस रैली में बैठने के लिए करीब 7 हजार कुर्सियां लगाई जा रही है और रैली में 10 से 12 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। इस मौके पर जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन कुलतार सिंह बराड़, मार्किट कमेटी के पूर्व चेयरमैन जसपाल सिंह मौड़, नगर काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष मोहन सिंह मत्ता, यूथ अकाली नेता अनुप्रताप सिंह बराड़ आदि भी हाजिर रहे। राज्य की आप सरकार से लोगों का मोहभंग हो चुका है- पूर्व विधायक इस मौके पर पूर्व विधायक मनतार सिंह बराड़ ने बताया कि पंजाब बचाओ रैलियों को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार से लोगों का मोहभंग हो चुका है और लोगों ने इस बार शिरोमणि अकाली दल को पंजाब की सत्ता सौंपने का मन लिया है। उन्होंने कहा कि रैली में सुखबीर सिंह बादल के अलावा पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया,सिकंदर सिंह मलूका, व्यापार विंग के अध्यक्ष व पूर्व विधायक एनके शर्मा और यूथ अकाली दल के अध्यक्ष सरबजीत सिंह झिंजर सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे।