पंजाब सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य की 100 महिलाओं को सम्मानित किया, जिनमें अबोहर हलके के गांवों की सात महिलाएं भी शामिल थीं। मुख्यमंत्री ने स्वयं इन महिलाओं को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की। अबोहर से सम्मानित होने वाली महिलाओं में कैलाश रानी, सुमन रानी, ममता रानी, मनजीत कौर, कर्मजीत कौर, जसविंदर कौर और पूनम रानी शामिल हैं। इन सभी को 25 हजार रुपए नकद, एक ट्रॉफी और सम्मान पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। ‘अपना कारोबार, अपनी पहचान’ योजना के तहत हुआ सम्मान ये महिलाएं ‘अपना कारोबार, अपनी पहचान’ योजना के तहत सम्मानित की गई हैं, क्योंकि वे घर की जिम्मेदारियों के साथ-साथ छोटे व्यवसाय चलाकर न केवल अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार प्रदान कर रही हैं। आम आदमी पार्टी के हल्का इंचार्ज से की भेंट सम्मान प्राप्त करने के बाद ये सभी महिलाएं अबोहर पहुंचीं और आम आदमी पार्टी के हल्का इंचार्ज (विधायक अरुण नारंग) के कार्यालय में उनसे मुलाकात की। विधायक नारंग ने सभी महिलाओं को बधाई दी और उनके हौसले, मेहनत तथा आत्मनिर्भरता की सराहना की। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार प्रयासरत: अरुण नारंग विधायक अरुण नारंग ने कहा कि पंजाब सरकार की यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज में एक नई पहचान देने की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने अन्य महिलाओं को भी इनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। नारंग ने मुख्यमंत्री द्वारा महिलाओं के खातों में 1000 रुपए देने की घोषणा की भी सराहना करते हुए कहा कि इससे महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी और उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा। इस अवसर पर कोऑर्डिनेटर सुनीता रानी व भागवंती देवी भी मौजूद रहीं। यह आयोजन न केवल महिलाओं के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि सरकार की महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।