पाली में आबकारी विभाग की सख्त नाकाबंदी से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया। बुधवार देर रात आबकारी टीम को देखकर तस्कर बीच रास्ते शराब से भरी पिकअप छोड़कर फरार हो गए। टीम ने वाहन जब्त कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी सब्जियो के बीच शराब छुपा कर ले जा रहे थे। जिला आबकारी अधिकारी मनोज बिस्सा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर रात करीब एक बजे जाडन टोल नाके के पास नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान अवैध रूप से शराब परिवहन कर रहा युवक पिकअप छोड़कर मौके से भाग गया। तलाशी में पिकअप से राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब के 97 कार्टन बरामद हुए, जिनकी बाजार कीमत करीब 5 से 6 लाख रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी एक जिले से दूसरे जिले में अवैध शराब सप्लाई करने जा रहा था। कार्रवाई के दौरान सहायक आबकारी अधिकारी विकास बिट्टू, आबकारी थाना प्रभारी रिडमल सिंह राठौड़,कांस्टेबल मनोज, महेंद्रपाल सिंह, मानसिंह मौजूद रहे।