कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा सोमवार को सवाई माधोपुर मेडिकल कॉलेज के घटिया निर्माण कार्य को देखकर भड़क गए। उन्होंने मौके पर मौजूद XEN और AEN को फटकार लगाई और कहा- तुम्हें शर्म नहीं आती है। प्लास्टर के नाम पर मिट्टी डाल रहे हो। चोर हो। लुटेरों…देश को खा गए। मंत्री ने कहा- सरकार पैसा दे रही है तो कॉलेज का निर्माण काम भी टिकाऊ और अच्छा होना चाहिए। उन्होंने निर्माण कार्य की निरंतर मॉनिटरिंग को लेकर उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए। XEN ने आरोप लगाया कि मंत्री के समर्थकों ने प्रोजेक्ट मैनेजर नवनीत के साथ मौजूद AEN को पीटा। इसके बाद मेरे साथ भी मारपीट की। XEN ने मामले की शिकायत जयपुर में बैठे RSRDC (राजस्थान राज्य सड़क विकास और निर्माण निगम लिमिटेड) के उच्चाधिकारियों को की है। मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण लेने गए थे
दरअसल, कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा सोमवार की शाम करीब 4 बजे ठींगला स्थित निर्माणाधीन राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान कॉलेज बिल्डिंग के निर्माण में खामियां और घटिया निर्माण को लेकर किरोड़ीलाल मीणा ने नाराजगी जाहिर की। प्लास्टर को लेकर आरएसआरडीसी के अधिकारियों से सवाल किए तो वे जवाब नहीं दे पाए। मंत्री ने मौके पर मौजूद XEN राकेश कुमार दीक्षित, AEN सुमित मिश्रा और प्रोजेक्ट मैनेजर नवनीत को फटकार लगाई और कहा कि शर्म नहीं आती, लुटेरों…देश को खा गए। XEN का आरोप- मंत्री समर्थकों ने अधिकारियों को पीटा
XEN राकेश कुमार दीक्षित ने आरोप लगाया कि मंत्री के समर्थकों ने प्रोजेक्ट मैनेजर नवनीत और AEN सुमित मिश्रा के साथ मारपीट की। उसके बाद मेरे साथ मारपीट हुई। मुझे अंदेशा है कि घटना के सीसीटीवी फुटेज के साथ गड़बड़ी हो सकती है। अगर ऐसा किया गया तो प्रिंसिपल के खिलाफ भी FIR दर्ज कराई जाएगी। दीक्षित का कहना है- मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल बुद्धिप्रकाश ने द्वेषवश इतनी बड़ी बिल्डिंग में उन्हीं जगहों को दिखाया, जहां थोड़ी बहुत खामियां थीं। हमने घटना की शिकायत जयपुर में बैठे उच्चाधिकारियों को दी गई है। प्रिंसिपल बोले- खामियां मिलने के बाद मंत्री समर्थक नाराज हो गए थे
मामले में मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बीपी मीना का कहना है कि अधिकारियों की ओर से उनके ऊपर लगाए गए आरोप निराधार है। कृषि मंत्री के निरीक्षण के दौरान खामियां पाए जाने से समर्थक नाराज हो गए थे। इसके बाद ही घटनाक्रम हुआ था।
