भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जयपुर में रिश्वत के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेवीवीएनएल के रामगंज स्थित सब स्टेशन के कनिष्ठ अभियंता मनोज कुमार को 3,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी ने रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली है। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ, जयपुर इकाई की टीम ने सोमवार को यह ट्रैप कार्रवाई की। एसीबी के अनुसार परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी कंपनी सोलर रिधम एनर्जी सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के ग्राहक के आवासीय विद्युत कनेक्शन पर 10 किलोवाट का सोलर सिस्टम लगाने के लिए विद्युत विभाग से लोड क्षमता बढ़वाने की एवज में आरोपी कनिष्ठ अभियंता ने रिश्वत की मांग की थी। 5 हजार की मांग, 3-4 हजार में सौदा तय शिकायत के अनुसार आरोपी ने 14 अगस्त को 5,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी। बातचीत के दौरान 3 से 4 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांग की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। एसीबी जयपुर रेंज के डीआईजी ओमप्रकाश मीणा के निर्देश पर एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक रामजी लाल और टीम ने 24 अगस्त को कार्रवाई की। इस दौरान कनिष्ठ अभियंता मनोज कुमार को परिवादी से 3,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच एसीबी जयपुर रेंज के डीआईजी ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।
