बूंदी पुलिस ने ऑनलाइन निवेश और मनी डबलिंग के नाम पर 1.91 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसपी अवनीश कुमार शर्मा के निर्देश पर देई थाना पुलिस ने की। थानाधिकारी हनुमान सहाय के नेतृत्व में गठित टीम ने कृष्ण मुरारी शर्मा (23) पुत्र अनिल कुमार शर्मा निवासी पावर हाउस कॉलोनी देई और शराफत अली (25) पुत्र अब्दुल अजीज निवासी बंसोली चौराहा देई को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किए गए 2 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। एसपी शर्मा ने बताया कि राजस्थान पुलिस मुख्यालय द्वारा 17 से 31 अगस्त तक साइबर अपराध के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में म्यूल अकाउंट और मोबाइल नंबरों की जांच के दौरान समन्वय पोर्टल पर इन खातों से संबंधित 4 शिकायतें दर्ज पाई गईं। बैंक स्टेटमेंट की जांच से पुष्टि हुई कि दोनों आरोपियों ने अलग-अलग शिकायतकर्ताओं से कुल 1,91,000 रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करवाए थे।
मामला दर्ज कर अनुसंधान के बाद, दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया और फिर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों से बरामदगी के संबंध में आगे की जांच जारी है।