निकाय चुनाव को लेकर जयपुर शहर कांग्रेस ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा ने बताया कि निकाय चुनाव के लिए अब तक 1350 से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के आवेदन पार्षद पद के लिए मिल चुके हैं। प्रत्याशियों के चयन के लिए कांग्रेस द्वारा एक प्रोफेशनल कंपनी से सर्वे कराया जा रहा है। वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर भी नामों की समीक्षा करेंगे। कांग्रेस द्वारा 26 अगस्त तक टिकट दावेदारों के नाम फाइनल किए जा सकते है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा मेहनत वाले कार्यकर्ताओं के साथ न्याय होना चाहिए, इसलिए एक-एक कार्यकर्ता से बातचीत की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले चार दिनों में 10 हजार से ज्यादा लोग उनसे मिलने आए हैं। उन्होंने कहा कि लड़ने वाले प्रत्याशी में जयपुर के लिए जज्बा होना चाहिए। धन का आकर्षण जिनके लिए प्राथमिकता नहीं है, ऐसे लोगों को ही टिकट देने पर जोर रहेगा। मेयर के लिए 4-5 चेहरे शॉर्टलिस्ट शर्मा ने कहा कि कांग्रेस मेयर पद के लिए 4-5 संभावित चेहरों को शॉर्टलिस्ट कर रही है। पार्टी ऐसे लोगों को चुनाव लड़ाना चाहती है, जो जीतने के बाद मेयर बनने और शहर का नेतृत्व करने की क्षमता रखते हों। उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस किसी एक चेहरे को आगे रखकर चुनाव नहीं लड़ेगी। उन्होंने कहा कि किसी विधायक या पूर्व मंत्री की चुनाव लड़ने की इच्छा होगी तो वह भी चुनाव लड़ सकता है। हालांकि उन्होंने खुद को मेयर पद के संभावित चेहरों में शामिल होने से इनकार किया। ‘मिशन-100’ पोस्टर लॉन्च, 20 मिनट में 1 हजार से ज्यादा शेयर कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि शहर कांग्रेस ने एक दिन पहले ही ‘मिशन-100’ का पोस्टर लॉन्च किया था। पोस्टर को 20 मिनट में 1 हजार से ज्यादा लोगों ने शेयर किया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि इससे जयपुर में कांग्रेस के पक्ष में बन रहे माहौल का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी 100 सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
RPSC के पूर्व अध्यक्ष कांग्रेस के मेनिफेस्टो तैयार करेंगे कांग्रेस चुनाव के लिए वार्डवार घोषणा पत्र तैयार करेगी। इसके लिए आरपीएससी के पूर्व चेयरमैन बीएल शर्मा की लीडरशिप में प्लान तैयार किया जाएगा। इसमें जयपुर के कल्चर, हेरिटेज और ‘जयपुरियत’ को बनाए रखने पर फोकस रहेगा। शर्मा ने कहा कि शहर की गंगा-जमुनी संस्कृति को मजबूत करने के लिए हिंदू-मुस्लिम दोनों समुदायों को साथ लेकर काम किया जाएगा। बागियों को लेकर रणनीति पार्टी से बगावत करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को लेकर शर्मा ने कहा कि वह खुद इसका उदाहरण हैं और कार्यकर्ता उनसे प्रेरणा ले सकते हैं। चुनाव में अनुशासन बनाए रखने के लिए कांग्रेस ने अलग-अलग कमेटियां भी बनाई हैं। पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की जिम्मेदारी रफीक खान, डिसिप्लिन कमेटी की जिम्मेदारी अमीन कागजी और स्टियरिंग कमेटी की जिम्मेदारी प्रताप सिंह खाचरियावास को दी गई है। ये कमेटियां कार्यकर्ताओं से संवाद कर चुनावी रणनीति को आगे बढ़ाएंगी।
