हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस ने सोमवार को अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्रवाइयां कीं। इन कार्रवाइयों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15.82 ग्राम हेरोइन और एक अवैध देसी पिस्टल व कारतूस बरामद किए गए हैं। पहली कार्रवाई में पुलिस ने एक बाइक सवार युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 15.82 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) मिली। आरोपी की पहचान जंडावाली, हनुमानगढ़ निवासी साबर (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसकी बाइक भी जब्त कर ली।
दूसरी कार्रवाई नाकाबंदी के दौरान हुई, जहां पुलिस ने एक युवक को पकड़ा। उसके कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल (कट्टा) और 7 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपी की पहचान हनुमानगढ़ टाउन के पंजाबी मोहल्ला निवासी जसजीत सिंह (23) के तौर पर हुई है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि मादक पदार्थ और हथियार कहां से लाए गए थे। पुलिस उनके नेटवर्क का पता लगाने का भी प्रयास कर रही है।
