श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर प्रदेश के मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। जयपुर के गोविंददेव जी मंदिर, अक्षयपात्र मंदिर, राधा दामोदर मंदिर समेत कई मंदिरों में लंबी लाइनें लगी हैं। चित्तौड़गढ़ के सांवलियाजी मंदिर में 3 साल बाद ड्रोन शो का आयोजन किया गया। रात 8 बजे एक साथ 1100 ड्रोन आसमान में उड़ाए गए। मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारीदास वैष्णव ने बताया कि करीब 15 मिनट का यह ड्रोन की रोशनी से आसमान में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, शेषनाग की छत्रछाया, गोवर्धन पर्वत उठाने, बाल कृष्ण, बांसुरी बजाते कान्हा, श्री सांवलियाजी मंदिर और सांवरा सेठ की सुंदर आकृतियां बनाई गईं। वहीं जयपुर में गोविंददेवजी मंदिर में दर्शन के लिए डेढ़ किमी लंबी लाइन लगी है। देर रात 2 बजे से ही भक्तों का आना शुरू हो गया था। सुबह 4 बजे मंगला आरती के साथ दर्शन शुरू हो गए। मंदिर में रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इससे पहले ठाकुर श्रीजी का पंचामृत अभिषेक होगा। छह वेदपाठी पंडितों की ओर से वेद पाठ किया जाएगा। इसके बाद पंचामृत अभिषेक होगा। अभिषेक के लिए 425 लीटर दूध, 365 किलो दही, 11 किलो घी, 85 किलो बूरा और 11 किलो शहद की व्यवस्था की गई है। जन्माष्टमी की रात 10 से 11 बजे तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी व्रत कथा का पाठ होगा। रात 12 बजे 31 तोपों की हवाई गर्जना और विशेष आतिशबाजी के साथ जन्मोत्सव मनाया जाएगा। राधा दामोदर मंदिर में दिन में मनाया जन्मोत्सव वहीं चौड़ा रास्ता स्थित राधा दामोदर मंदिर में परंपरा के अनुसार दोपहर 12 बजे ही जन्मोत्सव मनाया गया। यहां जन्मोत्सव के बाद आतिशबाजी होनी थी लेकिन बारिश के कारण ऐसा नहीं हो पाया। गोपीनाथजी मंदिर, अक्षयपात्र, अक्षरधाम और इस्कॉन मंदिर में भी जन्माष्टमी को लेकर विशेष आयोजन और तैयारियां चल रही हैं। मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मंदिरों में के दर्शन के लिए लगी भीड़,PHOTOS पल-पल का अपडेट जानने के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
