केरवास थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति की ससुराल जाते समय संदिग्ध हालत में अचेत मिलने के बाद उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार, नाकुराम (40) पुत्र गौतम जी मीणा, निवासी केरवास, बुधवार सुबह करीब 6 बजे बाइक से अपने घर से ससुराल मोररूडी (थाना सालमगढ़) के लिए निकले थे। इसी दौरान वे सेवना क्षेत्र में अचेत अवस्था में पाए गए। गंभीर हालत में जिला हॉस्पिटल रेफर किया घटना की सूचना मिलने पर नाकुराम के साले सुखराम कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। वे नाकुराम को निकटवर्ती सालमगढ़ अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल प्रतापगढ़ रेफर किया गया, जहां बुधवार देर शाम उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर सालमगढ़ थाना पुलिस जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंची। गुरुवार को मृतक के भाई देवीलाल ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सुपुर्द कर दिया। मृतक नाकुराम खेती-बाड़ी का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके दो पुत्र हैं, जिनमें से एक नौवीं कक्षा में और दूसरा दसवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा है। सहायक पुलिस उप निरीक्षक अभय सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
