झालावाड़ जिले के परोलिया रोड स्थित साकलीखेड़ा के देवनारायण मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने मंदिर के दानपात्र को तोड़कर नकदी चुरा ली। इस घटना से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। मंदिर के मुख्य पुजारी पंडा बालाराम गुर्जर और सत्यनारायण गुर्जर (निवासी आरोलिया) ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 6 बजे जब वे पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो दानपात्र का ताला टूटा हुआ मिला। चोर दानपेटी से नकदी लेकर फरार हो गए थे। दानपात्र में थे 90 हजार रुपए
सूचना मिलते ही मंदिर अध्यक्ष भारत सिंह राठौर, मंदिर की जमीन के दानदाता भीलवाड़ा निवासी गोपाल सिंह और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार, दानपात्र लगभग 7 महीने से नहीं खोला गया था, जिसमें 80 से 90 हजार रुपए होने की संभावना है। मंदिर के बाहर लगे 2 CCTV कैमरे भी तोड़े
चोर ने दानपेटी को गैंती और संबल सलिया से तोड़ा। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें एक चोर दिखाई दे रहा है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार चोर की उम्र करीब 30 से 32 साल है। बदमाशों ने मंदिर के बाहर लगे 2 सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। पिछले साल भी हुई थी चोरी
पुजारी बालाराम गुर्जर ने बताया कि इससे पहले भी 14 जुलाई 2025 को मंदिर में चोरी हुई थी, जिसकी रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी, लेकिन उस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस बार हुई चोरी की ऑनलाइन रिपोर्ट भी दर्ज करवा दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों को पकड़कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पुजारी ने यह भी बताया कि हर शनिवार को करीब 80 से 100 श्रद्धालु देवनारायण मंदिर में दर्शन के लिए आते हैं और अपनी आस्था के अनुसार दान करते हैं।
