केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर के बाद शनिवार को जैसलमेर में जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विजय मार्च निकाला। जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर के नेतृत्व में अंबेडकर पार्क से शुरू हुआ मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होकर हनुमान चौराहा पहुंचा, जहां सभा का आयोजन किया गया। रैली में युवा, छात्र, महिलाएं और कांग्रेस कार्यकर्ता तिरंगे, पार्टी के झंडे और तख्तियां लेकर शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ तथा छात्रों के समर्थन में नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को देशभर के छात्रों के लंबे संघर्ष और राहुल गांधी द्वारा उठाए गए मुद्दों की जीत बताया। सभा में जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने कहा कि देशभर के छात्र लंबे समय से पेपर लीक और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं से परेशान थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने छात्रों के मुद्दों को सड़क से संसद तक मजबूती से उठाया, जिसके चलते जनदबाव बना और केंद्र सरकार को शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेना पड़ा। उन्होंने इसे छात्रों के अधिकारों की लड़ाई की जीत बताया। पूर्व मंत्री शाले मोहम्मद ने कहा कि लोकतंत्र में जनता और युवाओं की आवाज सबसे बड़ी ताकत होती है। सरकार युवाओं की वाजिब मांगों को लंबे समय तक नजरअंदाज नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को जनता ने जवाब दिया है। पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं और उनके परिवारों के सपनों को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन के आगे सरकार को झुकना पड़ा और कांग्रेस भविष्य में भी छात्रों के हितों की आवाज उठाती रहेगी। पूर्व जिलाध्यक्ष उम्मेद सिंह तंवर ने कहा कि जब छात्र और युवा एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करते हैं तो सत्ता को उनकी बात माननी पड़ती है। उन्होंने विजय मार्च को लोकतांत्रिक ताकत और युवाओं के विश्वास का प्रतीक बताया। कार्यक्रम में पूर्व जिला प्रमुख अंजना मेघवाल, सुमार खान, अशोक तंवर, गोविंद भार्गव, प्रेमलता चौहान, खटन खान, लख सिंह भाटी सहित एनएसयूआई, सेवादल, ब्लॉक अध्यक्ष और बड़ी संख्या में छात्र-युवा व कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
