केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कोटा में छात्रों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर खुशी जताई। राजकीय महाविद्यालय (गवर्नमेंट कॉलेज) कोटा में पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष पवन मीणा के नेतृत्व में छात्रों ने आतिशबाजी की और मिठाई बांटकर जश्न मनाया। पवन मीणा ने कहा- देशभर के युवा पिछले एक महीने से पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। छात्रों और युवाओं के संघर्ष की जीत बताते हुए कहा कि सरकार को आखिरकार युवाओं की आवाज सुननी पड़ी है। इस अवसर पर कई छात्र नेताओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। वहीं, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी कोटा के तत्वावधान में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता प्रकोष्ठ ने रायपुरा चौराहे से ‘विजय मार्च’ निकाला। इस मार्च में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा और बैनर लेकर छात्र हितों से जुड़े नारे लगाए। शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राखी गौतम ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को सत्य, लोकतंत्र और युवाओं की जीत बताते हुए इसे मोदी सरकार के अहंकार की हार करार दिया। छात्रों के मुद्दों को लेकर राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए गए संघर्ष के कारण ही सरकार को यह कदम उठाना पड़ा है। प्रदेशाध्यक्ष विक्रम स्वामी और पीसीसी (PCC) महासचिव अमित धारीवाल ने कहा- पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है, इसलिए दोषियों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री से देश के छात्रों से माफ़ी मांगने, लाठीचार्ज के दोषियों पर कार्रवाई करने और आंदोलनकारी छात्रों पर दर्ज मुक़दमे वापस लेने की मांग भी दोहराई।
