नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद फलोदी जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार शाम को विजय मार्च निकाला। ये मार्च बिजली घर चौराहे से शुरू होकर अंबेडकर पार्क तक गया। मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पटाखे चलाए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। इस अवसर पर ‘छात्र एकता जिंदाबाद’ और ‘सत्य की जीत हुई’ जैसे नारे लगाए गए। जिला प्रवक्ता सतीश विश्नोई ने बताया कि इस विजय मार्च में जिलाध्यक्ष सलीम नागौरी, पूर्व विधायक किसना राम विश्नोई और हाजी उमरदीन सहित कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद सलीम नागौरी ने इस मौके पर कहा कि यह छात्रों के संघर्ष की जीत है। उन्होंने सरकार से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और नीट पेपर लीक से प्रभावित छात्रों को न्याय मिलने की मांग की।
