डीडवाना कुचामन के लाडनूं शहर में सार्वजनिक भूमि और आम रास्तों पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ बुधवार को नगरपालिका ने बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान बुलडोजर चलाकर करीब आधा दर्जन स्थानों से अवैध कब्जे हटाए गए। यह कार्रवाई तहसीलदार कुटेंद्र कंवर और नगरपालिका ईओ हरेंद्र चौधरी की मौजूदगी में की गई। पालिका टीम ने जावाबास स्थित बावरियों की गुवाड़ी में सार्वजनिक चौक और आम रास्ते की भूमि पर बनी अवैध चारदीवारी को बुलडोजर से ध्वस्त कर अतिक्रमण हटाया। इसके अतिरिक्त, मगरा बास में एक मिष्ठान भंडार के बाहर से अवैध कब्जे और चौकियों को हटाया गया। सरकारी अस्पताल के पास दरगाह की भूमि पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। बस स्टैंड क्षेत्र में सड़क पर लगे सब्जी ठेलों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। नगरपालिका ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाने पर संबंधित सामान जब्त कर लिया जाएगा।