राजस्थान में 309 नगरीय निकायों के चुनावों की बुधवार शाम 4 बजे घोषणा हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग दो चरणों में शहरों में चुनाव कराएगा। पहले चरण में 9 सितंबर और दूसरे चरण में 11 सितंबर को वोटिंग होगी और 14 सितंबर को रिजल्ट आएंगे। राजस्थान के इतिहास में पहली बार सभी नगरीय निकायों में एक साथ चुनाव हो रहे हैं। जिले में डूंगरपुर और सागवाड़ा दो निकायों में दो चरणों में चुनाव होंगे। डूंगरपुर नगर परिषद के 40 वार्डों में पहले चरण में 9 सितंबर को चुनाव होंगे, जबकि सागवाड़ा नगर पालिका के 35 वार्डों में दूसरे चरण में 11 सितंबर को वोटिंग होगी। चुनाव परिणाम 14 सितंबर को आएगा। वहीं, नगर परिषद सभापति ओर नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव 21 सितंबर को होगा। इसके बाद 22 सितंबर को डूंगरपुर नगर परिषद उपसभापति ओर सागवाड़ा नगर पालिका उपाध्यक्ष का चुनाव होंगे। पार्षद जनता के वोट से चुने जाएंगे, जबकि सभापति ओर उपसभापति का चुनाव पार्षदो की ओर से वोटिंग से होगी।