अजमेर जिले के भिनाय थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन अस्पताल से सामान चोरी करने पहुंचे दो युवकों को ठेकेदार और कर्मचारियों ने पकड़ लिया। और दोनों को पेड़ से बांधकर पिटाई की गई। घटना की सूचना मिलने पर भिनाय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने दोनों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। मामला मंगलवार का बताया जा रहा है। आज इस मामले में घटना का वीडियो भी सामने आया है। भिनाय थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र में अस्पताल का निर्माण कार्य चल रहा है। मंगलवार को दो युवक वहां चोरी करने के इरादे से पहुंचे थे। इस दौरान ठेकेदार और वहां मौजूद कर्मचारियों ने दोनों को पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद दोनों को पेड़ से बांध दिया गया और उनकी पिटाई की गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को शांति भंग में गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी के अनुसार, फिलहाल मामले में किसी पक्ष की ओर से शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
