राजस्थान में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 73 करोड़ 64 लाख 64 हजार 948 रुपए की संपत्तियां कुर्क, फ्रीज और सीज की गई है। इसमें बदमाशों के आलीशान मकान, दुकानें, आवासीय और कृषि जमीन, कार, पिकअप, ट्रैक्टर और बाइक तक शामिल हैं। एएनटीएफ आईजी विकास कुमार ने बताया- प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आदतन और कुख्यात नशा तस्करों के खिलाफ 38 मामलों में कुर्की और जब्ती के अंतिम आदेश स्वीकृत हो चुके हैं, जबकि 25 मामलों में कानूनी प्रक्रिया अंतिम चरण में है। चित्तौड़गढ़ में सबसे बड़ी कार्रवाई, 20.35 करोड़ की संपत्ति जब्त विकास कुमार ने बताया- चित्तौड़गढ़ में 68-एफ के तहत सबसे बड़ी कार्रवाई की गई। यहां कुल 20.35 करोड़ रुपए की संपत्तियां सीज की गई है। इनमें गंगरार निवासी तस्कर राहुल बंजारा की अकेले 18.79 करोड़ रुपए की संपत्ति शामिल है। इसके अलावा कमलेश गुर्जर, बाल किशन धाकड़, रामेश्वर लाल अहीर, मोहम्मद उस्मान, रतनलाल जाट और सुरेश चंद्र जाट की चल-अचल संपत्तियों पर भी कार्रवाई की गई है। बारां में 18.48 करोड़ की संपत्तियों पर कार्रवाई बारां जिले में भी नशा तस्करों की करोड़ों रुपए की संपत्तियां पुलिस के निशाने पर रही। यहां राजाराम मीणा व रामगोपाल की 5.83 करोड़, दिनेश मीणा व सुरेंद्र की 5.83 करोड़ और किशोर कुमार की 5.82 करोड़ रुपए की संपत्तियां फ्रीज की गई है। इसके अलावा बीरमचंद तथा विशाल सांसी व बल्लू सांसी की संपत्तियों पर भी कार्रवाई की गई है। झालावाड़ में 9 तस्करों की संपत्ति जब्त झालावाड़ में 9 अपराधियों की संपत्तियों की जब्ती स्वीकृत हुई है। इनमें बबलू तंवर की 5.59 करोड़, नरेंद्र सिंह की 1.81 करोड़, मोहन लाल तंवर की 1.13 करोड़, सुगनचंद तंवर की 1.02 करोड़ रुपए की संपत्ति प्रमुख है। इसके अलावा गनी मोहम्मद, पांचूलाल मीणा, दिनेश सिंह, प्रभूलाल तंवर और रामलाल तंवर की संपत्तियों पर भी कार्रवाई की गई। प्रतापगढ़ में बंगले, पोल्ट्री फार्म और वाहन भी जब्त प्रतापगढ़ में स्वीकृत मामलों के तहत करीब 8.24 करोड़ रुपए की संपत्तियों पर कुर्की की कार्रवाई हुई है। इसमें शाहजेब उर्फ बल्ला का नवनिर्मित मकान, पोल्ट्री फार्म और वाहन समेत करीब 2.10 करोड़ रुपए की संपत्ति शामिल है। भुरालाल लबाना, शेफुल्ला शेख, असद इकबाल, नारायण मीणा, अकबर खान, शाहरुख खान, दिलावर खान और नऊम खान की संपत्तियां भी कार्रवाई के दायरे में आई हैं। नागौर, जोधपुर ग्रामीण और हनुमानगढ़ में भी कार्रवाई नागौर में भोपालराम विश्नोई के दो मकान, दुकान और वाहनों समेत 1.14 करोड़ रुपए की संपत्ति की कुर्की स्वीकृत हुई है। जोधपुर ग्रामीण में अनिल विश्नोई की 26 बीघा जमीन और दो वाहन, कुल करीब 1.10 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई हुई। हनुमानगढ़ में स्वराज उर्फ शिवराज की 81.61 लाख रुपए की संपत्ति सीज की गई है। दूसरे जिलों में भी करोड़ों की संपत्तियों पर शिकंजा जालोर में धोलाराम उर्फ धरिंद्र कुमार की 37.73 लाख और राकेश कुमार विश्नोई की 13.09 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। उदयपुर में विपिन गिरी गोस्वामी की 26 लाख रुपए की संपत्ति, भीलवाड़ा में लाभचंद उर्फ लाभू धाकड़ की 50 लाख रुपए की जमीन व ट्रैक्टर और जोधपुर पूर्व में रमेश विश्नोई की 15 लाख रुपए की स्कॉर्पियो की कुर्की स्वीकृत हुई है। नशे की कमाई से बनाई संपत्ति नहीं बचेगी: डीजीपी डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा- नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई लगातार जारी रखी जाए और नशे की कमाई से बनाई गई संपत्तियों को जब्त किया जाए। डीजीपी ने आमजन से भी अपील की है कि अपने आसपास नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को दें, ताकि नशा मुक्त राजस्थान के संकल्प को साकार किया जा सके। एएनटीएफ खंगाल रही तस्करों की पूरी कुंडली आईजी विकास कुमार ने बताया कि एएनटीएफ विशेष अभियान के तहत नशा तस्करों की पूरी कुंडली तैयार कर रही है। तस्करों की सूची बनाकर संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों को कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं। व्यापारिक प्रकृति के मामलों में भी प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही प्रत्येक जिले में नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए एसपी कार्यालय में विशेष शाखा गठित करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।