झुंझुनूं। चिड़ावा-मंड्रेला मार्ग पर कोपरिया कुआं के पास मंगलवार रात एसयूवी की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। करीब दो घंटे तक समझाइश के बावजूद ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही। बाद में आक्रोशित लोगों ने पुलिस के वाहन पर पथराव कर दिया। स्थिति को देखते हुए जिले से अतिरिक्त पुलिस जाब्ता मौके पर बुलाया गया।