मोगा पुलिस ने 6 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से हेरोइन,नशीली गोलियां और लाखों रुपए ड्रग मनी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक सीआईए स्टाफ मोगा की टीम गांव चुगावां के पास गश्त कर रही थी। उन्होंने एक कार से 19 ग्राम हेरोइन, एक कंप्यूटर कांटा और 5 लाख 60 हजार रुपए ड्रग मनी बरामद कर ली। वहीं पुलिस ने दिलप्रीत सिंह उर्फ संजू निवासी काऊंके कलां, जगराओं, लवप्रीत सिंह उर्फ लब्बी निवासी माजरी हाल लोपों और हरप्रीत सिंह उर्फ शिव निवासी जगराओं को गिरफ्तार कर लिया। इन्हें एक दिन की रिमांड पर लिया गया है। कोटईसे खां थाने ने बस अड्डा दौलेवाला से लवप्रीत सिंह उर्फ लब्बा निवासी चूहड़चक्क को 18 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा। सिटी साउथ थाने ने राजवीर सिंह निवासी साधां वाली बस्ती मोगा से 22 ग्राम हेरोइन बरामद कर ली। मैहना थाने ने अशमीत सिंह उर्फ निक्का को 50 नशीली गोलियों के साथ पकड़ा। सभी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया।
