तरनतारन जिले के सरहदी गांव राजोके निवासी डॉ. गुरभेज सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर पंजाब और पूरे देश का नाम रोशन किया है। उन्हें अमेरिका की प्रसिद्ध स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी और ग्लोबल पब्लिशर ‘एल्सेवियर’ द्वारा संयुक्त रूप से जारी विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत (Top 2%) वैज्ञानिकों की प्रतिष्ठित सूची में शामिल किया गया है। उन्होंने यह मुकाम अपने उत्कृष्ट शोध कार्यों और समर्पण के बल पर प्राप्त किया है। 250 से अधिक शोध पत्र और 10 पुस्तकें कर चुके हैं प्रकाशित डॉ. गुरभेज सिंह वर्तमान में ‘अमृतसर ग्रुप ऑफ कॉलेजिज’ में डिप्टी डीन (रिसर्च एंड डेवलपमेंट) के पद पर कार्यरत हैं। मैकेनिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी (PhD) की डिग्री हासिल कर चुके डॉ. सिंह का अकादमिक और रिसर्च रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उनके नाम अंतर्राष्ट्रीय पत्रिकाओं में लगभग 250 शोध पत्र (Research Papers) और मैकेनिकल इंजीनियरिंग से जुड़ी 10 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। सफलता का श्रेय परिवार को समर्पित किया अपनी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जताते हुए डॉ. गुरभेज सिंह ने इसका पूरा श्रेय अपने परिवार के अटूट प्यार, मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग को दिया। उन्होंने विशेष रूप से अपने पिता सरदार जगींदर सिंह, माता श्रीमती जसबीर कौर और भाई सरदार रणजीत सिंह का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया। युवाओं से अपील: नशे से दूर रहकर शिक्षा और शोध के क्षेत्र में बनाएं पहचान इस अवसर पर डॉ. गुरभेज सिंह ने पंजाब के युवाओं के नाम एक विशेष संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से पूरी तरह दूर रहें और अपना ध्यान उच्च शिक्षा, नवाचार (Innovation) और वैज्ञानिक अनुसंधान (Research) की ओर लगाएं ताकि देश और समाज के विकास में अपना बहुमूल्य योगदान दे सकें।