विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि गहलोत खुद मुख्यमंत्री रह चुके हैं, उन्हें पता है कि सरकार अगर किसी को एक पेड़ काटने की अनुमति देती है तो उसे बदले में 20 पेड़ लगाने पड़ते हैं। विकास भी नहीं रूकना चाहिए और पर्यावरण को हानि भी नहीं होनी चाहिए। इसलिए जरूरत पड़ने पर सरकार सशर्त पेड़ काटने की अनुमति देती हैं। पेड़ काटने वालों को 20 गुना पेड़ लगाने का सर्टिफिकेट भी देना होता है और उन पेड़ों को जीवत भी रखना होता हैं। मुझे समझ में नहीं आता है कि इसमें पर्यावरण की हानि कहां हो रही हैं। उन्होने कहा कि जब कोई उद्योग लगता है तो उसे जमीन भी चाहिए। मशीनरी लगाने के लिए भवन भी बनता हैं। ऐसे में कुछ पेड़ भी कटते है। लेकिन उसकी विभाग से प्रावधानों के तहत अनुमति लेनी पड़ती हैं। अरावली के मुद्दे पर राठौड़ ने कहा कि यह पाप गहलोत का हैं। जब वह मुख्यमंत्री थे, तब उन्होने सुप्रीम कोर्ट को सलाह भेजी थी। जिसके आधार पर यह फैसला (100 मीटर की परिभाषा वाला) हुआ। उन्होने कहा कि गहलोत के किए पापों को तो हम ढोह रहे हैं। दरअसल, अशोक गहलोत ने आरोप लगाया था कि भजनलाल सरकार में उद्योगपतियों को लाभ देने के लिए बड़ी संख्या में पेड़ों को काटा जा रहा हैं। सरकार पर्यावरण को नहीं, उद्योगपतियों को बढ़ावा दे रही हैं। सांसद-विधायक घर-घर जाकर करेंगे संवाद
आज से बीजेपी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 सालों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू किया हैं। अभियान के तहत 5 जून से 21 जून तक प्रदेशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आज अभियान के तहत पर्यावरण दिवस पर बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंडल स्तर तक पौधारोपण किया। वहीं, 8 और 9 जून को मीडिया संवाद राष्ट्रीय स्तर पर, 8 से 14 जून विशेष जनसंपर्क जिला स्तर पर, 11 से 12 जून मीडिया संवाद प्रदेश स्तर पर, 12 से 20 जून जन कल्याण शिविर उपखण्ड स्तर पर और 13 से 20 जून तक विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान मोदी सरकार की उपलब्धियों की प्रदर्शनी, जिला स्तर पर प्राकृतिक खेती की कार्यशालाएं और 21 जून को मंडल स्तर तक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान भाजपा के सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी गांव-गांव और बूथ स्तर तक जाकर आमजन से संवाद करेंगे। शहर बीजेपी ने शमशान घाट में लगाए पौधे
विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर जयपुर शहर बीजेपी ने चांदपोल श्मशान घाट में शहर अध्यक्ष अमित गोयल के नेतृत्व में पौधारोपण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़कर जनआंदोलन का स्वरूप दिया गया है। उन्होने बताया कि आज शहर बीजेपी के 33 मंडलों में 51-51 पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। ऐसे में बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा आज लगभग 2 हजार पौधो का रोपण किया गया। वहीं बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा ने भी आज प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती के नेतृत्व में जयपुर शहर के चार दरवाज़ा स्थित पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। उन्होने कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से आह्वान किया कि वह सभी अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनकी नियमित देखभाल करें।