फाजिल्का में एक महिला के साथ लूटपाट का मामला सामने आया है, जहां रेलवे स्टेशन के बाहर एक युवक ने धोखे से उसे अपने साथ ले जाकर रास्ते में बैग छीन लिया। पीड़िता गांव बेगांवाली की निवासी है और अपने मायके सिरसा से ट्रेन के जरिए फाजिल्का लौटी थी। महिला के अनुसार, जैसे ही वह रेलवे स्टेशन से बाहर निकली, एक बाइक सवार युवक उसके पास आया और खुद को जान-पहचान का बताकर उसे गांव छोड़ने की बात कही। भरोसा करने पर महिला उसके साथ बाइक पर बैठ गई। आरोपी उसे फाजिल्का के एमसी कॉलोनी क्षेत्र में ले गया, जहां सुनसान जगह पर उसने महिला का बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गया। पीड़िता बोली- जोर जोर से शोर मचाया महिला ने बताया कि उसके बैग में करीब 5 हजार रुपए नकद, एक मोबाइल फोन और कुछ कपड़े थे। घटना के बाद उसने जोर-जोर से शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पीड़िता ने मांग की है कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपी की पहचान की जाए और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाए। बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला गांव बेगांवाली के पूर्व सरपंच अम्मीचंद की बहू है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।