बठिंडा की सरहिंद नहर में गणेश विसर्जन के दौरान बही 6 साल की मासूम बच्ची अंजना का शव घटना के 7 दिन बाद बरामद कर लिया गया है। बच्ची का शव लंबी गांव के पास नहर से मिला। इस दुखद हादसे में बहे उसके 11 वर्षीय भाई का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है, जिसकी तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। यह दर्दनाक हादसा 22 सितंबर की शाम बहमन पुल के पास पेश आया था। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान अंजना और उसका 11 साल का भाई अचानक नहर के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए थे। घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन, एनडीआरएफ (NDRF) और नौजवान वेलफेयर सोसायटी की टीमों ने गोताखोरों की मदद से संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। लंबी गांव के पास मिला शव, परिजनों में छाया मातम घटना के सातवें दिन लंबी गांव के पास नहर से अंजना का शव बरामद होने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बठिंडा के सिविल अस्पताल के शवगृह (मोर्चरी) में रखवा दिया है, जहां पोस्टमार्टम की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। लापता मासूम भाई की तलाश में जुटे गोताखोर, जलस्तर कम करने की मांग अंजना का शव मिलने के बाद अब रेस्क्यू टीमों का पूरा ध्यान 11 वर्षीय लापता मासूम की तलाश पर केंद्रित हो गया है। नौजवान वेलफेयर सोसायटी और एनडीआरएफ के गोताखोर नहर के आगे के बहाव वाले इलाकों में लगातार खोजबीन कर रहे हैं। वहीं, दुखी परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि नहर में पानी का स्तर कम किया जाए ताकि लापता बच्चे को जल्द से जल्द ढूंढा जा सके।