पाली जिले के सुमेरपुर में पुलिस और मेडिकल टीम ने नकली घी बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी है। पाम ऑयल और केमिकल से नकली घी तैयार किया जा रहा था। यहां बड़ी मात्रा में सरस, कृष्णा और अमूल जैसे ब्रांड के टीन और पैकेट बरामद किए है। सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि सुमेरपुर के संजय नगर में बुधवार देर रात ये कार्रवाई की गई थी। यहां 141 टीन और पैकेट में पैक 315 लीटर घी जब्त किया है। इसके साथ ही तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर पुलिस को सौंपा दिया गया है। मौके से मिलावटी घी बनाने का सामान, गैस सिलेंडर, चूल्हा मशीन जब्त की। इसके साथ ही 6 सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भिजवाए गए है। नामी कंपनियों के पैकेट और कार्टन मिले सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि यहां बड़ी मात्रा में मिलावटी घी, पैकिंग सामग्री तथा मशीनरी जब्त की गई। दरअसल, टीम को इसके बारे में इनपुट मिला था। इसके बाद यहां दबिश दी गई। इस फैक्ट्री में सरस, अमूल, नोवा, कृष्णा, बनास सहित अन्य नामी कंपनियों के नाम से 15 किलो के टीन व टेट्रा पैक में घी पैक कर बाजार में बेचने के लिए तैयार किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान गोदाम से 15 किलो क्षमता के करीब 141 टीन मिलावटी घी बरामद किया। जिन्हें पुलिस कस्टडी में रखा गया है। इसके अलावा विभिन्न कंपनियों के नाम से पैक किए गए टेट्रा पैक में लगभग 260 किलोग्राम घी भी मौके पर जब्त किया गया। टीम ने सरस ब्रांड की पैकिंग मशीन भी जब्त की।
तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
सुमेरपुर सीओ जितेन्द्रसिंह ने बताया कि मौके से सुमेरपुर के भैरू चौक चौधरी कॉलोनी निवासी 48 साल के हरीओम पुत्र सोनाराम, सुमेरपुर के जूना जाखोड़ा रोड निवाी 34 साल के खुशाल पुत्र कैलाश और सिरोही जिले के रोवाड़ा (शिवगंज) निवासी 47 साल के परबत सिंह पुत्र प्रेम सिंह को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश शर्मा, सुमेरपुर थानाप्रभारी सुमेरसिंह मय जाप्ता मौजूद रहे।
