बाड़मेर में रोडवेज बस के आगे चल रही, पिकअप ने अचानक ब्रेक लगा दिए। अचानक हुए घटनाक्रम से ड्राइवर खुद को संभाल नहीं पाया और ब्रेक लगाने के दौरान सीट से नीचे गिर पड़ा। पास ही बैठे कॉन्स्टेबल ने बेकाबू हुई बस का स्टेयरिंग संभाला और ब्रेक फेल होने के बावजूद बस को पेड़ से टक्कर मार कर सड़क से नीचे उतार कर रोक दिया। इस 4 मिनट के घटनाक्रम में बस में बैठी सवारियों की सांसें अटक गई। बस में 35-40 सवारियां थी, गनीमत रही कि बस पलटी नहीं और खाई में जाने से पहले ही रुक गई। इसमें किसी को चोट नहीं आई। सभी सुरक्षित हैं। घटना बाड़मेर जिले के सदर थाना इलाके बलाऊ फांटे के पास आज सुबह करीब 8 बजे की है। कांस्टेबल ने ही कंट्रोल रूम को सूचना दी। इधर कांस्टेबल ने स्थानीय लोगों की मदद से सवारियां को सुरक्षित नीचे उतारा गया। सदर पुलिस मौके पर पहुंची। पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। 4 तस्वीरों समझिए हादसे की पूरी कहानी
अब पढ़िए बस हादसे के 4 मिनट की कहानी केबिन में बैठे थे कॉन्स्टेबल कांस्टेबल जेठाराम ने बताया- आज सुबह बाड़मेर से चौहटन जाने वाली रोडवेज बस में धनाऊ पुलिस थाना ड्यूटी पर जाने के लिए सवार हुआ था। बस पैसेंजर्स से भरी थी ऐसे में, रोडवेज बस के बस केबिन में ड्राइवर के पास की सीट पर बैठा हुआ था। बस बाड़मेर से 15 किमी दूर ही निकली थी कि बलाऊ फांटे के पास में बस के ठीक आगे चल रही पिकअप ने अचानक ब्रेक लगा दिए। अचानक हुए घटनाक्रम से रोडवेज के ड्राइवर ने ब्रेक लगाने की कोशिश की और स्टेयरिंग घुमाई तो बस बेकाबू हो गई। ऐसे में, ड्राइवर बस में ही बोनट और सीट के बीच गिर गया। कूदकर स्टेयरिंग पकड़ ली जेठाराम ने बताया- कुछ समझ नहीं आया और मैंने तुरंत कूद कर स्टेयरिंग पकड़ लिया। इसके बाद ड्राइवर की सीट पर बैठा और ब्रेक लगाने का प्रयास किया। लेकिन ब्रेक लग ही नहीं रहे थे। फिर मैंने बस को सड़क से नीचे उतार दिया। इस दौरान सड़क किनारे पेड़ और झाड़ियां उगी हुई थी। बस एक दो बड़ी झाड़ियों को रौंदते हुए सड़क से करीब 150 मीटर दूर पेड़ से टकराकर रुक गई। इसके ठीक 7 फीट आगे 15 फीट गहरी खाई थी। गनीमत रही कि बस झाड़ियां और पेड़ के चलते रुक गई। सवारी बोली- पेड़ दिखे तो समझ गया अब कुछ नहीं होगा जेठाराम ने बताया- इसके बाद स्थानीय लोगों की भीड़ इकठ्ठा हो गई। उनकी मदद से सवारियों को नीचे उतारा और दूसरी बस में बैठाया। इस बस में सवारियों में ज्यादातर महिलाएं थीं। घटना के बाद सवारियों ने इसका एक वीडियो भी बनाया है। इसमें सवारी कहती नजर आ रही है कि मैं देख रहा था कि बस सड़क से नीचे उतर गई है, लेकिन, सामने पेड़ दिखे तो समझ गया कि अब कुछ नहीं होगा पेड़ से टकरा कर बस रुक ही जाएगी।

You missed