चित्तौड़गढ़ शहर के पाड़नपोल क्षेत्र में झरने के पास युवती का शव मिलने के मामले में पुलिस जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। शुरुआती जांच के बाद अब पुलिस को ऐसे अहम सुराग मिले हैं जिनसे माना जा रहा है कि मामले का खुलासा जल्द हो सकता है। पुलिस की जांच का केंद्र फिलहाल एक युवक है, जिसे युवती के साथ आखिरी बार देखा गया था। पुलिस ने युवक की पहचान कर ली है और उसकी तलाश के लिए लगातार कोशिश की जा रही हैं। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने युवती की गतिविधियों, उसके मोबाइल संपर्कों और पिछले कुछ दिनों के मूवमेंट की बारीकी से जांच शुरू की थी। इसी दौरान कई ऐसे तथ्य सामने आए जिन्होंने जांच को नई दिशा दी। पुलिस का मानना है कि घटना से पहले और बाद की गतिविधियों को जोड़ने पर पूरे मामले की तस्वीर काफी हद तक साफ हो रही है। युवती के साथ आखिरी बार दिखा युवक, घटना के बाद से नहीं लगा कोई सुराग जांच के दौरान पुलिस ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सूत्रों के अनुसार इन्हीं फुटेज में एक युवक मृतका युवती के साथ दिखाई दिया है। बताया जा रहा है कि यह वही व्यक्ति है जिसे पुलिस अब मामले में सबसे अहम कड़ी मान रही है। पुलिस को शक है कि घटना के बाद से युवक लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जिले के बाहर भी तलाश की जा रही है। पुलिस टीम मध्यप्रदेश के कुछ इलाकों में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस आरोपी तक पहुंचने के लिए तकनीकी सबूतों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी लगातार सूचनाएं एकत्र की जा रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के कई पहलुओं पर एक साथ काम शुरू किया है। कोतवाली थानाधिकारी तुलसीराम प्रजापत ने बताया कि अभी तक आरोपी पकड़ में नहीं आया है। कई संदिग्धों से पूछताछ की है। वहीं एक संदिग्ध युवक की तलाश जारी है। फिलहाल मामले में एक जने की इन्वॉलमेंट की सूचना है। थानाधिकारी ने बताया कि लगातार कोशिश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर खुलासा करेंगे। गहने और स्कूटी भी जांच के दायरे में, हर कड़ी जोड़ने में जुटी पुलिस जानकारी में यह बात भी सामने आई है कि घटना के बाद युवती के कुछ गहने गायब पाए गए। आरोपी गहनों को लेकर युवती की स्कूटी से दो दिनों तक शहर में घूमता रहा, ताकि गहने बेच सके। लाश मिलने के बाद से ही आरोपी मोबाइल बंद कर भाग निकला। बताया जा रहा है कि घटना के बाद स्कूटी का उपयोग किया गया और बाद में उसे शहर के हॉस्पिटल परिसर में खड़ा कर दिया गया। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की टाइमलाइन तैयार कर रही है ताकि घटना से लेकर आरोपी के फरार होने तक की हर कड़ी स्पष्ट हो सके। गौरतलब है कि युवती का शव शुक्रवार सुबह पाड़नपोल क्षेत्र में मिला था, जिसके बाद पूरे शहर में यह मामला चर्चा का विषय बन गया। फिलहाल पुलिस आधिकारिक रूप से ज्यादा जानकारी साझा नहीं कर रही है, लेकिन जांच से जुड़े संकेत बता रहे हैं कि मामले के खुलासे की दिशा में जरूरी प्रगति हो चुकी है और जल्द ही बड़ा खुलासा सामने आ सकता है।
