जोधपुर शहर के आधे इलाकों में 10 जून को पानी बंद रहेगा, जिससे शहरवासियों को किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। जलदाय विभाग पिछले 45 दिनों में आठवीं बार कटौती घोषित की गई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। विभाग के अनुसार, आवश्यक मरम्मत और तकनीकी कार्यों के चलते सप्लाई रोकी जाएगी। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) नगर वृत्त जोधपुर के अधीक्षण अभियंता (सुपरिन्टेंडिंग इंजीनियर) राजेंद्र मेहता ने बताया कि ग्रीष्म ऋतु के लिए जल भंडारण और जोधपुर शहर के फिल्टर प्लांट, पंप हाउस और पाइप लाइनों के अति आवश्यक रखरखाव और सफाई के लिए सभी फिल्टर हाउस से जलापूर्ति बंद रहेगी। सप्लाई शेड्यूल में बदलाव कायलाना, चौपासनी व सूरपुरा फिल्टर हाउस- इन फिल्टर हाउस से जुड़े सभी क्षेत्रों में 10 जून को होने वाली पानी की सप्लाई 11 जून को और 11 जून को होने वाली जलापूर्ति 12 जून को की जाएगी। झालामंड और तख्त सागर फिल्टर हाउस- इन फिल्टर हाउस से जुड़े क्षेत्र (सरस्वती नगर, कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड के विभिन्न सेक्टर, पाल बाईपास और शिल्पग्राम के आसपास) में 10 जून को सुबह 10 बजे तक की जाने वाली जलापूर्ति सामान्य रूप से होगी। इसके बाद इन क्षेत्रों में 11 जून को की जाने वाली जलापूर्ति 12 जून को और 12 जून को की जाने वाली जलापूर्ति 13 जून को होगी।