ग्रामीण विकास विभाग के शासन सचिव कृष्ण कुणाल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संभाग के जिला कलेक्टरों और मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) की बैठक लेकर ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निकाय चुनाव से पहले लंबित कार्य पूरे किए जाएं और नई योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृतियां जल्द जारी कर काम शुरू कराया जाए। तीन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
बैठक में ब्रज क्षेत्र विकास योजना, मेवात क्षेत्र विकास योजना और श्यामा प्रसाद मुखर्जी योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। शासन सचिव ने कहा कि पिछले वर्ष के लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। साथ ही इस वर्ष के बजट में घोषित कार्यों और जिलों से प्राप्त प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति देकर धरातल पर काम शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे विकास कार्य किए जाएं, जिनका लाभ आमजन को सीधे और स्पष्ट रूप से मिले। हाल ही में लागू नई योजनाओं के तहत भी एक वर्ष के भीतर प्रभावी परिणाम दिखाई देने चाहिए। कृष्ण कुणाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत गरीब परिवारों के मकानों का निर्माण समय पर पूरा कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आगामी निकाय चुनावों को देखते हुए विभाग का प्रयास है कि चुनाव से पहले अधिकतम विकास कार्य पूरे हों और लंबित स्वीकृतियां भी जारी कर दी जाएं।
