कोटा के केथून थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर इलाके में SOD रेस्टोरेंट और बीयर बार में विवाद के बाद हथियारों से लैस युवकों ने जमकर तोड़फोड़ कर दी। पूरी वारदात रेस्टोरेंट में लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में चार युवक गेट तोड़कर अंदर घुसते और बीयर बार में सामान व बीयर की बोतलें फोड़ते नजर आ रहे हैं। आरोपियों के हाथों में तलवार, गंडासा, पाइप और लाठियां दिखाई दे रही हैं। केथून थाना अधिकारी मनोज सिंह सिकरवार ने बताया कि गुरुवार रात दो युवक SOD बीयर बार और रेस्टोरेंट में खाना खाने आए थे। कर्मचारियों ने दोनों को दूसरी टेबल पर बैठने के लिए कहा। इसी बात को लेकर युवकों की कर्मचारियों से बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई और चाकूबाजी भी हुई। इसमें कर्मचारी शिवराज सुमन के पैर में चाकू लगा, जिससे वह घायल हो गया। बाद में मामला शांत हो गया। आरोप है कि अगले दिन सुबह करीब 7:30 बजे दोनों युवक अपने 4-5 साथियों के साथ लग्जरी कार से रेस्टोरेंट पहुंचे। सभी युवक हथियारों से लैस थे। कार से उतरने के बाद चार युवक गेट तोड़कर अंदर घुसे और रेस्टोरेंट व बीयर बार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। आरोपियों ने सामान और बीयर की बोतलें फोड़ दीं। घटना के बाद शिवराज सुमन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।
